Friday 16th of October 2026 05:05:28 AM

Breaking News
  • प्रयागराज में माफिया से मुक्त जमीन पर बनेगे 602 आवास |
  • उत्तर प्रदेश में मिठाईयों पर एक्सपायरी डेट लिखना अनिवार्य |
  • पूर्व आईएस दिव्या मित्तल ने बनाई अपनी राजनैतिक पार्टी|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 31 Aug 2026 7:04 PM |   103 views

मेडिकल स्टोरों पर औषधि निरीक्षक की छापेमारी, 15 प्रतिष्ठानों की जांच

देवरिया – जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में औषधि निरीक्षक, देवरिया राघवेन्द्र सिंह द्वारा जनपद के विभिन्न मेडिकल स्टोरों पर सघन जांच एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई। इस दौरान 15 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। कई प्रतिष्ठानों पर औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख, बिक्री बिल, एक्सपायरी दवाओं की व्यवस्था तथा औषधियों के भंडारण से संबंधित अनियमितताएं पाई गईं।
 
औषधि निरीक्षक द्वारा अरुण फार्मा, अंसारी रोड देवरिया; वेलकम मेडिकल स्टोर, टिकमपार चौराहा, भाटपार रानी; नेशनल मेडिकल स्टोर, पटेल नगर, बरहज; न्यू आजाद मेडिकल स्टोर, हॉस्पिटल रोड, भलुअनी; आजाद मेडिकल हॉल, हेतिमपुर रोड, भटनी; एचएन फार्मेसी, फतेनगर, लार; मां वैष्णों फार्मा, सीएचसी के सामने, लार; मद्धेशिया दवा घर, पटेल नगर, बरहज; लकी मेडिकल स्टोर, पटेल नगर, बरहज; न्यू जनता मेडिकल स्टोर, रुद्रपुर; सुभावती सर्जिकल एंड फार्मेसी, तिवारी कॉम्प्लेक्स, सहजौर चौराहा; अनंत मेडिकल स्टोर, मझवलिया, लार; रवि मेडिकल स्टोर, भटौली; बरनवाल मेडिकल स्टोर, लार तथा नवीन मेडिकल एजेंसी, लार का निरीक्षण किया गया।
 
जांच के दौरान अरुण फार्मा से तीन, वेलकम मेडिकल स्टोर से दो तथा नेशनल मेडिकल स्टोर से दो औषधियों के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है।
 
निरीक्षण के दौरान कई मेडिकल स्टोरों पर बिक्री बिल निर्गत नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। कुछ प्रतिष्ठानों पर शिड्यूल एच औषधियों की बिक्री के लिए आवश्यक रजिस्टर उपलब्ध नहीं पाया गया। वहीं, कुछ स्थानों पर एक्सपायरी दवाओं के लिए निर्धारित लेबलिंग की व्यवस्था नहीं थी। पशु औषधियों को अन्य औषधियों से पृथक रखने के लिए आवश्यक लेबलिंग भी कुछ प्रतिष्ठानों पर नहीं मिली।
 
 न्यू जनता मेडिकल स्टोर, रुद्रपुर में कम तापमान पर भंडारित की जाने वाली औषधियों के लिए फ्रिज उपलब्ध नहीं पाया गया। इसके अलावा कुछ अन्य प्रतिष्ठानों पर भी औषधियों के उचित भंडारण से संबंधित कमियां पाई गईं। संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों को आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने एवं कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।
 
औषधि निरीक्षक ने अरुण फार्मा को पिछले तीन माह में किए गए समस्त औषधियों के क्रय-विक्रय का अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। एचएन फार्मेसी को सात औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया।
 
औषधि निरीक्षक के अनुसार संग्रहित किए गए औषधियों के नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण की आख्या अग्रिम कार्रवाई के लिए सहायक आयुक्त (औषधि), गोरखपुर मंडल, गोरखपुर को प्रेषित कर दी गई है।
Facebook Comments