Wednesday 14th of October 2026 04:14:23 AM

Breaking News
  • बीजेपी महिला मोर्चा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन|
  • झाँसी में राष्ट्रीय हाकी प्रतियोगिता का शुभारम्भ|
  • लखनऊ में कैंसर की दवाओं पर ट्रेड मार्जिन 30% तक सीमित|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 28 Feb 2026 8:00 PM |   593 views

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमके कुशीनगर के बधिर क्रिकेट खिलाड़ी आकाश सैनी, एशिया कप में भारत को दिलाई ऐतिहासिक जीत

कुशीनगर के उभरते बधिर क्रिकेट खिलाड़ी आकाश सैनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम गौरवान्वित किया है उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जनपद सहित पूरे उत्तर प्रदेश और देश में हर्ष एवं गर्व का वातावरण है।
 
आकाश सैनी ने अपने क्रिकेट जीवन की शुरुआत डायमंड क्रिकेट एकेडमी से की, जहाँ उन्होंने विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा को निखारा। कोविड-19 काल के पश्चात वे अपने गृह जनपद कुशीनगर लौट आए और वर्तमान में कुशीनगर क्रिकेट एकेडमी में नियमित अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निरंतर विकसित कर रहे हैं।
 
लखनऊ प्रवास के दौरान आकाश सैनी ने डिफ क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़कर उत्तर प्रदेश की ओर से लगभग 20 टूर्नामेंट मैच खेले, जिनमें राष्ट्रीय एवं जोनल स्तर की प्रतियोगिताएँ शामिल रहीं। उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मात्र 17 वर्ष की आयु में पहली बार उनका चयन भारतीय बधिर क्रिकेट टीम में एशिया कप हेतु किया गया।
 
18 से 25 फरवरी 2026 तक एशियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा, इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के माध्यम से आयोजित बधिर क्रिकेट एशिया कप का आयोजन बाराबती स्टेडियम में संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत, नेपाल एवं श्रीलंका की टीमों ने भाग लिया।
 
आकाश सैनी भारतीय टीम के महत्वपूर्ण सदस्य रहे। उनके शानदार प्रदर्शन एवं पूरी टीम के सामूहिक प्रयास से भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 6 विकेट से पराजित कर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।
 
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी रवि कुमार ने कहा कि आकाश सैनी की यह उपलब्धि न केवल कुशीनगर, बल्कि सम्पूर्ण प्रदेश के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद आकाश ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और अथक परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य खिलाड़ियों विशेषकर दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
 
जिला प्रशासन द्वारा आकाश सैनी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। तत्पश्चात उन्हें जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर द्वारा सम्मानित भी किया गया।
Facebook Comments