Tuesday 9th of June 2026 12:07:39 AM

Breaking News
  • तमिलनाडु मुख्यमंत्री विजय का DMK पर वार -परिवारवाद की राजनीति  खत्म करेंगे |
  • कुशीनगर में फर्जी नौकरी रैकेट का भंडाफोड़ |
  • आजमगढ़ में फर्जी जमानत गिरोह का पर्दाफाश |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 30 May 2025 5:05 PM |   710 views

उ. प्र. राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज की  सत्र जून 2025 की परीक्षाएं 31 मई से

उ. प्र. राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज की  सत्र जून 2025 की परीक्षाएं प्रदेश के 169 केंद्रों पर 31 मई 2025 से प्रारंभ हो रही हैं। इन परीक्षा केन्द्रों में 6 जिला एवं केंद्रीय कारागार भी शामिल हैं। परीक्षा में लगभग 72 हजार परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
 
यह जानकारी आज देते हुए कुलपति प्रो. सत्यकाम ने बताया कि परीक्षाएं 25 जून 2025 तक संचालित की जाएंगी।
 
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर समय सारणी अपलोड की गई है। उन्होंने बताया कि प्रमाण पत्र तथा डिप्लोमा की परीक्षाएं 31 मई से 24 जून तक,  स्नातक की परीक्षाएं 31 मई से 25 जून तक तथा परास्नातक की परीक्षाएं 6 जून से 25 जून 2025 तक 2 पालियों में प्रातः 10:00 से 1:00 तथा दोपहर 2:00 से 5:00 बजे तक आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि सभी विषयों के परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र ऑनलाइन कर दिए गए हैं। जिन्हें डाउनलोड कर परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।  
 
कुलपति प्रो. सत्यकाम ने बताया कि परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति ने राज्य सरकार द्वारा निर्गत दिशा निर्देशों एवं विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन में प्राप्त आवेदन पत्र पर सम्यक विचारोपरांत संपूर्ण उत्तर प्रदेश में 169 परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण किया है। जिनमें सबसे अधिक 27 परीक्षा केंद्र प्रयागराज क्षेत्र में बनाए गए हैं ।
 
इसके अतिरिक्त गोरखपुर रीजन में 26, वाराणसी रीजन में 25, अयोध्या रीजन में 20, लखनऊ रीजन में 16, आजमगढ़ रीजन में 13, कानपुर रीजन में 11, आगरा रीजन में 10, झांसी  रीजन में 8, मेरठ रीजन में 6, गाजियाबाद रीजन में 4 तथा बरेली रीजन में 3 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 
 
विश्वविद्यालय जेल बंदियों की शिक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। इस बार पूरे प्रदेश में 6 जिला एवं केंद्रीय कारागारों नैनी, प्रयागराज, गौतमबुद्ध नगर, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली और फतेहगढ़, फर्रुखाबाद केंद्रीय कारागार में जेल बंदियों को परीक्षा दिलाई जाएगी।
 
कुलपति प्रो. सत्यकाम ने शुक्रवार को परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। संपूर्ण उत्तर प्रदेश में परीक्षा को पारदर्शिता पूर्ण ढंग से सकुशल संपन्न कराने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जिसके अंतर्गत परीक्षा कक्ष के अंदर केंद्र प्रभारी के अतिरिक्त अन्य सभी का मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा।
 
इसके साथ ही परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार सहित प्रत्येक कक्ष में  सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने का आदेश जारी किया गया है। पूरे प्रदेश में नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए उड़ाका दल एवं पर्यवेक्षक दल का गठन किया गया है। इस भीषण गर्मी में प्रदेश में किसी भी केंद्र पर किसी भी परीक्षार्थी को कोई परेशानी न हो, इसके लिए शीतल जल एवं हवादार कमरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
 
परीक्षा नियंत्रक कर्नल विनय  कुमार के पर्यवेक्षण में परीक्षा  विभाग की टीम पूरी तरह मस्तैद है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर कंट्रोल रूम के अंतर्गत सहायता पटल का विस्तृत विवरण प्रदर्शित कर दिया गया है। कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर परीक्षा केन्द्रों के समीप पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती का आग्रह किया है।
 
क्षेत्रीय समन्वयक डॉ0 प्रवीण कुमार ने बताया कि परीक्षार्थियों की समस्या के त्वरित समाधान के लिए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में क्षेत्रीय केंद्र वार सहायता पटल स्थापित किया गया है। जहां परीक्षार्थियों की विभिन्न प्रकार की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है |
 
 
Facebook Comments