Wednesday 21st of October 2026 08:11:50 PM

Breaking News
  •  दुनिया के सबसे भीषण खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा बांग्लादेश-WHO|
  • जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा ,हथियार बनाने के उपकरण बरामद |
  • लखनऊ में पुलिकर्मियों को योगी सरकार की सौगात , भत्तों में बढ़ोत्तरी का ऐलान|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 11 Sep 2022 6:19 PM |   741 views

12 से 19 सितंबर तक विद्युत संबंधी कार्यों के लिए आयोजित होगा समाधान सप्ताह

देवरिया- जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विद्युत संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए 12 सितंबर से 19 सितंबर तक समाधान सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। सभी 33/11 केवी के उपकेंद्रों पर अथवा निकटतम बिलिंग केंद्र पर प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक उपभोक्ता विभिन्न शिकायतों का निस्तारण प्राप्त कर सकते हैं।
 
जिलाधिकारी ने बताया कि समाधान सप्ताह के अंतर्गत विद्युत उपभोक्ताओं से उनके बकाया विद्युत बिलों का भुगतान प्राप्त करने के साथ ही बिल से संबंधित विसंगतियों का निस्तारण भी किया जाएगा। उपभोक्ता नए कनेक्शन अथवा लोड बढ़ाने या मीटर लगवाने का आवेदन भी कर सकते हैं। सभी प्रकार के विद्युत कनेक्शनों से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। ट्रांसफॉर्मर फीडर लोड वोल्टेज अथवा जर्जर तार जैसी समस्याओं से संबंधित ऐसे आवेदन भी लिए जाएंगे जिनमें त्वरित समाधान संभव हो।
 
विद्युत दुर्घटना के कारण जनहानि से संबंधित मुआवजा एवं ऐसी समस्याओं को नगण्य किए जाने के उद्देश्य से त्रुटिपूर्ण अधिष्ठापन पर कार्यवाही भी की जाएगी। विद्युत उपभोक्ताओं के परिसरों पर स्थापित, जले, खराब, क्षतिग्रस्त मीटरों को बदलने के साथ-साथ पुराने मीटरों के स्थान पर नवीन मीटर स्थापित करने का कार्य कराने के लिए भी विद्युत समाधान सप्ताह में आवेदन किया जा सकता है।
 
जिलाधिकारी ने बताया कि समाधान सप्ताह के प्रत्येक दिन सुबह से सायं तक शिविर के आयोजन एवं संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय अवर अभियंताओं की होगी एवं उपखंड स्तर पर उपखंड अधिकारी द्वारा अपने दिशा-निर्देशन में कार्य किया जाएगा। इसकी मॉनिटरिंग जनपद स्तर पर अधीक्षण अभियंता खंड स्तर पर अधिशासी अभियंता द्वारा की जाएगी।
 
संबंधित क्षेत्र के ग्राम प्रधान, वार्ड सभासद आदि से संपर्क स्थापित कर उन्हें भी अभियान में भूमिका निभाने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने समस्त जनपद वासियों से अपनी विद्युत संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए समाधान सप्ताह में अपना आवेदन देने का अनुरोध किया।
Facebook Comments