आईपीएस आलोक सिंह बने यूपीपीएससी के नए अध्यक्ष
उत्तर प्रदेश शासन ने 1995 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग , प्रयागराज का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वर्तमान में वह पुलिस महानिदेशक पीएसी के पद पर तैनात हैं। इस संबंध में शासन की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।यूपीपीएससी के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीनेत 21 नवंबर को सेवानिवृत्त हो गए थे। इसके बाद से अध्यक्ष का पद खाली चल रहा था। अब यह जिम्मेदारी आलोक सिंह को सौंपी गई है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से 23 जनवरी 2029 तक रहेगा।आलोक सिंह को करीब तीन दशक का प्रशासनिक और पुलिस सेवा का अनुभव है। वह गौतमबुद्धनगर के पहले पुलिस कमिश्नर भी रह चुके हैं। इसके अलावा मेरठ और कानपुर समेत कई जिलों में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
