जन्मदिन मुबारक
आज मेरे जीवन का, सबसे बड़ा त्योहार है,
तेरा जन्मदिन मेरे लिए रब का दिया उपहार है ।
जिस दिन तूने पहली बार,मेरी गोद में आंखे खोली थी,
मेरी सूनी सी दुनिया ने खुशियों की कलियां खोली थी ।
तेरी वो पहली किलकारी,आज भी कानों में गूंजती है,
तेरी वो नन्हीं मुस्कान, मेरी पीड़ा हर लेती है।
तेरी उंगली पकड़कर मैंने, सपनों को चलते देखा था,
तेरी प्यारी उन आंखों में,अपना सारा कल देखा था ।
तू केवल मेरा पुत्र नहीं,मेरी धड़कन का संगीत है,
तेरे होने से ही मेरी, हर सुबह- शाम पुनीत है।
तेरी राहों में सदा फूल खिले, कांटे हमेशा दूर रहे,
तेरे मन में प्रेम बसा हो, होठों पर मीठी बोल रहे ।
दुनियां चाहे दौलत ये या, शोहरत के आसमान दे,
ईश्वर ऐसा हृदय दे तुझको,
जो दुखियों को सदा सम्मान दे
जब भी जीवन की राहों में, कोई अंधियारा छाए,
मां की दुआ का दीपक तेरे, पथ को रौशन कर जाए ।
आजके दिन में क्या दूं तुझको, समझ नहीं मुझे आता है,
युग-युग जीओ यही दुआ बस,
हृदय मेरा दोहराता है।
ईश्वर से है बस यही प्रार्थना, तेरा जीवन खुशहाल रहे,
तेरे सिर पर हाथ हो उसका, मां- बाप का आशीर्वाद रहे ।
डॉo संजुला सिंह “संजू”
जमशेदपुर
Facebook Comments

