मौसम के परिवर्तन के आधार पर करें फसलों का चयन
देवरिया -जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के समस्त कृषकों को अवगत कराया है कि इस वर्ष संभावित सुपर एल नीनो के प्रभाव के कारण वर्षा सामान्य से कम या असामान्य रहने की संभावना है। कृषक मानसून की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी खेती के लिए फसलों का चयन करें। इस वर्ष कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों का चयन किया जाना चाहिए।जिन कृषक बंधुओं के खेत ऊँचे हैं, जहाँ पानी नहीं रुकता है, वे धान के स्थान पर दलहन, तिलहन एवं श्री अन्न (मोटे अनाज) की फसलों की बुआई करें।
जनपद के राजकीय कृषि बीज भंडारों पर दलहनी फसलों के बीज के रूप में उड़द 7 कुंतल, अरहर 62.50 कुंतल तथा तिलहनी फसलों के बीज के रूप में मूंगफली 740 कुंतल एवं तिल 13 कुंतल 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त दलहनी फसल के रूप में मूंग 1 कुंतल, अरहर 39.64 कुंतल, तिलहनी फसल के रूप में मूंगफली 20 कुंतल, तिल 12 कुंतल तथा श्री अन्न फसलों के रूप में कोदो 11.52 कुंतल, सांवा 11.22 कुंतल एवं मडुआ 28.05 कुंतल के निःशुल्क मिनीकिट भी उपलब्ध हैं।
उन्होंने कृषकों से अनुरोध किया है कि कृषि विभाग की वेबसाइट https://agriculture.up.gov.in पर अपनी जोत के अनुसार दलहन, तिलहन एवं श्री अन्न के बीजों की बुकिंग कर लें।
बुकिंग के उपरांत अपने विकासखंड के राजकीय कृषि बीज भंडार पर उपस्थित होकर पॉस मशीन पर अंगूठे का सत्यापन कर बीज प्राप्त करें तथा समय से इन फसलों की बुआई करें। जिन के पास नीची भूमि है, जहाँ वर्षा के दौरान पानी भरता है, वे धान की खेती डीएसआर (सीधी बुआई) विधि से करें और अपनी खेती को अधिक लाभकारी बनाएं।
Facebook Comments
