Thursday 8th of October 2026 04:46:11 AM

Breaking News
  • एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे वायुसेना के अगले प्रमुख |
  • पद्मश्री संत रमेश बाबा ब्रह्मलीन ,बरसाना के मान मंदिर में ली अंतिम सांस |
  • ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 19 Feb 2026 8:21 PM |   302 views

अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज क्रिकेट टूर्नामेंट में केरल को 2 रन से हराया

नई दिल्ली/गोंडा। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत दिल्ली के रौशन आरा क्लब के क्रिकेट मैदान पर खेले गए अत्यंत रोमांचक मुकाबले में उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज क्रिकेट टीम ने केरल को 2 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत में गोंडा के मूल निवासी राजकीय इंटर कॉलेज भगगड़वा बाजार बहराइच में खेल शिक्षक के पद पर कार्यरत विजय प्रताप सिंह ‘बवंडर’ की 47 गेंदों पर 81 रनों की शानदार पारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। 
 
अंतिम ओवर तक सांसें थाम देने वाले इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने संयमित प्रदर्शन करते हुए मैच पर नियंत्रण बनाए रखा। निर्णायक ओवर में आयुष प्रताप सिंह की धारदार गेंदबाज़ी ने टीम को जीत दिलाई।
 
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए उत्तर प्रदेश ने निर्धारित 20 ओवरों में 185 रन बनाए। टीम की ओर से विजय बवंडर ने 47 गेंदों पर 81 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि हिमांशु सिंह ने 21 गेंदों पर 44 रन बनाए। कप्तान अभिषेक गुप्ता ने 32 गेंदों में 29 रनों का योगदान दिया।
 
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केरल टीम को उत्तर प्रदेश के गेंदबाज़ों ने 9 विकेट पर 183 रनों पर रोक दिया। गेंदबाज़ी में विजय बवंडर ने 4 विकेट, आयुष प्रताप सिंह ने 2 विकेट, जबकि शाकिब, हिमांशु सिंह और उपकप्तान राहुल कुमार सिंह ने 1–1 विकेट हासिल किया।
 
इस जीत के साथ उत्तर प्रदेश की टीम ने अपने विजय अभियान को टूर्नामेंट के दूसरे चरण में सफलतापूर्वक आगे बढ़ा लिया है। दूसरे चरण के अपने अगले मुकाबले में टीम का सामना आज उड़ीसा से होगा।
Facebook Comments