7 मई को कुशीनगर में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी करेंगी महिला जनसुनवाई
कुशीनगर -उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी 07 मई 2026 (बृहस्पतिवार) को जनपद कुशीनगर का दौरा करेंगी। अपने निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत वे महिलाओं से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता हेतु महिला जनसुनवाई, महिला चौपाल तथा विभिन्न संस्थाओं का औचक निरीक्षण करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपाध्यक्ष प्रातः 08:30 बजे गोरखपुर से प्रस्थान कर प्रातः 10:00 बजे निरीक्षण भवन, कुशीनगर पहुंचेंगी। इसके उपरांत वे प्रातः 11:00 बजे तहसील सभागार, कसया, कुशीनगर में महिला जनसुनवाई एवं महिला चौपाल में प्रतिभाग करेंगी, जहां जनपद की महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा।
अपराह्न 04:00 बजे से उपाध्यक्ष द्वारा जनपद में संचालित विभिन्न संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया जाएगा। सायं 07:00 बजे निरीक्षण भवन, कुशीनगर आगमन के उपरांत रात्रि 07:30 बजे प्रस्थान निर्धारित है।
इस अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु तहसील सभागार, कसया की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के साथ ही संबंधित विभागों—जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला महिला कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जेल अधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला सूचना अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार समाचार पत्रों एवं मीडिया के माध्यम से कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं जनसुनवाई में भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें।
जिला प्रोवेशन अधिकारी ने जनपद की समस्त महिलाओं से अपील की है कि वे उक्त अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं प्रस्तुत करें तथा शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभान्वित हों।
Facebook Comments

