19-20 दिसंबर को जुटेंगे देश-विदेश के भोजपुरी साहित्यकार एवं कलाकार
गोरखपुर। भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया ‘भाई’ के तत्वावधान में आगामी 19 एवं 20 दिसंबर को बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, गोरखपुर में अंतर्राष्ट्रीय भोजपुरी महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में देश-विदेश के भोजपुरी साहित्य, भाषा एवं संस्कृति के विद्वान, साहित्यकार और कलाकार जुटेंगे।महोत्सव के दौरान भोजपुरी कला एवं संस्कृति, गिरमिटिया देशों में भोजपुरी भाषा की वर्तमान स्थिति तथा भोजपुरी को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही पारंपरिक भोजपुरी लोकगीतों पर आधारित भव्य सांस्कृतिक संध्या एवं कवि सम्मेलन का भी आयोजन होगा।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर ‘भाई’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आज महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के सभागार में डॉ. सुरेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आयोजन को सफल बनाने, अधिकाधिक भोजपुरिया समाज के लोगों को जोड़ने तथा कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर ‘भाई’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि महोत्सव में शामिल होने के लिए देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित भोजपुरी साहित्यकारों एवं कलाकारों की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इनमें डॉ. सरिता बुधु (मॉरीशस), लोक सहदेव (लंदन), सुरेंद्र देवचंद एवं सरिता दुकी (दक्षिण अफ्रीका), हिमांशु त्रिपाठी (नाइजीरिया), डॉ. गोपाल ठाकुर, गोपाल अश्क एवं आनंद अस्तित्व (नेपाल), नीरज चतुर्वेदी (सिंगापुर) सहित देश के कई प्रमुख साहित्यकार एवं कलाकार शामिल हैं।
बैठक में डॉ. सुरेश श्रीवास्तव, विनोद श्रीवास्तव, कनक हरि अग्रवाल, प्रवीण श्रीवास्तव, सारिका राय, वंदना दास, लक्ष्मी गुप्ता, कृतिका, अंजना लाल, अमर चंद्र श्रीवास्तव, श्याम सुंदर हँसलोना, निखिल सहित लगभग 40 सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन ‘भाई’ के प्रदेश प्रवक्ता शिवेंद्र पांडेय ने किया।
Facebook Comments
