Tuesday 21st of July 2026 11:39:21 PM

Breaking News
  • कांग्रेस का धरना ख़त्म ,हिरासत में राहुल गाँधी ,प्रियंका और अखिलेश |
  • दिल्ली प्रोटेस्ट में घायल बच्चों की मदद के लिए केजरीवाल का बड़ा ऐलान -मेडिकल और लीगल हेल्प का वादा |
  • मध्यप्रदेश विधानसभा में पारित किया समान नागरिक संहिता विधेयक |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 27 Feb 2026 6:48 PM |   165 views

बंद पड़ी पडरौना चीनी मिल को फिर से शुरू कराने की पहल तेज

कुशीनगर-जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में कृषक प्रतिनिधियों, चीनी मिल प्रबंधन एवं गन्ना विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागीय विकास कार्यों की समीक्षा के साथ बंद पड़ी पडरौना चीनी मिल को पुनः संचालित कराने के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई।
 
कृषक प्रतिनिधि छोटेलाल सिंह एवं अन्य किसानों ने बैठक में बंद चीनी मिल, पडरौना को पुनः चालू कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने अब तक की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि भूमि अभिलेखों की गहन जांच में लगभग 100 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है, जिस पर वर्तमान में खेती की जा रही है। इसके अतिरिक्त करीब 50 एकड़ भूमि पर अवैध खरीद-फरोख्त कर कब्जा किए जाने की जानकारी मिली है, जिसके संबंध में विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
 
बैठक में किसानों ने भरोसा दिलाया कि यदि पडरौना मिल को पुनः चलाने के लिए कोई सक्षम पक्ष आगे आता है, तो वे गन्ना मूल्य भुगतान से संबंधित अपने समस्त वाद उच्च न्यायालय से वापस लेने को तैयार हैं। किसानों ने कहा कि वे ब्याज छोड़कर केवल मूलधन लेने पर सहमत होंगे, ताकि मिल संचालन में कोई बाधा न आए।
 
जिलाधिकारी ने कृषक प्रतिनिधियों से संबंधित वादकारियों के शपथ-पत्र शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। साथ ही चीनी मिल प्रतिनिधियों से भी इस विषय पर सकारात्मक पहल करने को कहा। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि नई चीनी मिल की स्थापना अथवा पुनः संचालन से गन्ना क्षेत्रफल में वृद्धि होगी, किसानों की आय बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
 
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने चीनी मिल प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि समयानुसार ड्रेनों की सफाई सुनिश्चित की जाए तथा इसके लिए शीघ्र ड्रेनों की सूची उपलब्ध कराई जाए, जिससे आगामी पेराई सत्र से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुचारु की जा सकें।
  
इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी हुदा सिद्दीकी, के साथ समस्त चीनी मिलों के प्रतिनिधि सहित अधिशासी अधिकारी बाढ़ खण्ड एवं सिंचाई के अलावे अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
Facebook Comments