Wednesday 5th of August 2026 10:29:37 AM

Breaking News
  • उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसों में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क यात्रा सुविधा |
  • उत्तर प्रदेश के 13 आईएस का स्थानान्तरण|
  • असम में बाढ़ राहत तेज |
  • गाजियाबाद में 12 अगस्त तक स्कूल बंद |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 19 Dec 2025 8:22 PM |   303 views

फिरोजाबाद जनपद का रूरिया स्वरूपपुर, पर्यटन और पर्यावरण का अद्भुत संगम- जयवीर सिंह

लखनऊ: सुहाग नगरी के रूप में विख्यात फिरोजाबाद जिला अब उत्तर प्रदेश के उभरते ईको टूरिज्म गंतव्य के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है। उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड ने मदनपुर ब्लॉक स्थित रूरिया स्वरूपपुर गांव को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से विकसित किया है। करीब   3.62 करोड़ रुपए की लागत से यहां आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कर इसे एक आकर्षक और पूर्ण विकसित ईको पर्यटन स्थल का रूप दिया गया है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं   संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि रूरिया स्वरूपपुर गांव को सुनियोजित रूप से पर्यटकों के अनुकूल और आकर्षक गंतव्य के रूप में विकसित किया गया है। आगंतुकों की सुविधा और अनुभव को केंद्र में रखते हुए यहां आधुनिक शौचालय, पर्यावरण अनुकूल बांस कुटीर (बैंबू कॉटेज), लैंडस्केपिंग कार्य, ओपन एयर थिएटर, साइनेज, बच्चों के लिए प्ले जोन, गार्ड एवं सूचना केंद्र, आकर्षक गजीबो, मुख्य प्रवेश द्वार तथा तटबंध आदि का निर्माण किया गया है। इन सभी सुविधाओं ने रूरिया स्वरूपपुर को परिवार के साथ भ्रमण करने वालों, युवाओं, प्रकृति प्रेमियों और शोधार्थियों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक गंतव्य बना दिया है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि फिरोजाबाद का रूरिया स्वरूपपुर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ धार्मिक महत्व के लिए भी जाना जाता है। यहां स्थित भगवान श्रीराम का मंदिर और स्वामी जी की गुफा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र हैं। इसके निकट स्थित रुद्राणी देवी का मंदिर स्थल की धार्मिक महत्ता को और बढ़ाता है। प्रकृति और अध्यात्म के अद्भुत मेल के कारण यहां पूरे वर्ष श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आगमन होता है।
 
उन्होंने बताया कि ईको टूरिज्म विकास बोर्ड द्वारा हाल ही में विकसित किए गए रपड़ी ईको स्पॉट ने पर्यटकों के बीच खास पहचान बनाई है, जहां अब प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। इसी सकारात्मक अनुभव और सफलता को आगे बढ़ाते हुए रूरिया स्वरूपपुर में भी आधुनिक एवं व्यापक पर्यटक सुविधाओं का विकास कराया गया है। राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसे स्थलों को विकसित कर पर्यटकों के लिए अधिक सुलभ बनाया जाए। रूरिया स्वरूपपुर में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार, उद्यम और आजीविका के नए अवसर खुलेंगे।
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात ने बताया कि रूरिया स्वरूपपुर का विकास उत्तर प्रदेश की ईको टूरिज्म नीति के अनुरूप प्रकृति संरक्षण, स्थानीय सहभागिता और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यहां निर्मित आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण अनुभव प्रदान करेंगी। ऐसे ईको टूरिज्म स्थलों के माध्यम से प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ विरासत संरक्षण का लक्ष्य भी साकार हो रहा है।
 
 
 
Facebook Comments