Wednesday 4th of November 2026 03:57:43 AM

Breaking News
  •  4 नवम्बर को बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गोरखपुर आयेंगे |
  • कर्नाटक में दिवाली पर रात 8 बजे से 10 तक ही ग्रीन पटाखे जलाने का आदेश |
  • 200 करोड़ की वसूली केस में नोरा फतेही को दिल्ली कोर्ट का समन,6 नवम्बर को पेशी |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 4 Jan 2025 5:08 PM |   1071 views

सूरज की रोशनी से चमका मेहरौना विद्यालय,छात्रों ने जताया डीएम का आभार

देवरिया-देवरिया जिले के मेहरौना स्थित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के छात्र अब बिजली कटौती की समस्या से मुक्त होकर निर्बाध पढ़ाई कर सकते हैं। इसकी वजह बनी जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की विशेष पहल, जिसके चलते विद्यालय परिसर में 25 केवीए की क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित हो सका। इसी के साथ डीएम ने छात्रों से किया अपना वादा पूरा किया।
 
गत वर्ष अगस्त माह में जब जिलाधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण किया था, तो छात्रों ने असमय बिजली कटौती से पढ़ाई बाधित होने की शिकायत की। इस पर डीएम ने तुरंत समस्या की गंभीरता को समझा और समाधान का वादा किया।
 
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने इस समस्या के समाधान के लिए निजी स्तर पर पहल करते हुए एचडीएफसी बैंक से संपर्क किया। बैंक ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत विद्यालय परिसर में 25 केवीए का सोलर प्लांट लगाने के लिए 40 लाख रुपये का योगदान दिया।
 
इस प्लांट में कुल 45 सोलर पैनल लगे हैं, जो विद्यालय को लगातार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। सोलर पैनल की स्थापना से अब छात्रों को गर्मी के दिनों में बिजली की अनवरत आपूर्ति के साथ बेहतर अध्ययन का अवसर मिलेगा। 
 
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने इस प्रयास में सहयोग देने वाले राजस्व विभाग, एचडीएफसी बैंक और विद्यालय प्रशासन के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा से संबंधित उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। अब छात्र बिना किसी विघ्न के अपनी पढ़ाई में जुट सकेंगे।
 
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस सुविधा का लाभ उठाकर वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करें। उन्होंने कहा कि अब छात्रों का यह दायित्व है कि वे अच्छे अंक प्राप्त कर हमें गर्व महसूस कराएं।  छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
 
सोलर प्लांट चालू होने के बाद, छात्रों ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय के एक छात्र ने कहा, कि अब हमें पढ़ाई के दौरान बिजली कटने की चिंता नहीं होती। डीएम मैम ने हमारे लिए जो किया है, उसके लिए हम हमेशा उनके आभारी रहेंगे।
 
इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी, जिला समाज कल्याण अधिकारी जैसवार लाल बहादुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी  भी उपस्थित रहे।
Facebook Comments