Saturday 7th of November 2026 07:54:07 AM

Breaking News
  •  4 नवम्बर को बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गोरखपुर आयेंगे |
  • कर्नाटक में दिवाली पर रात 8 बजे से 10 तक ही ग्रीन पटाखे जलाने का आदेश |
  • 200 करोड़ की वसूली केस में नोरा फतेही को दिल्ली कोर्ट का समन,6 नवम्बर को पेशी |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 25 Jun 2024 5:03 PM |   605 views

हाथ में संविधान की प्रति लेकर राहुल गांधी ने ली शपथ, ‘जय हिंद, जय संविधान’ का लगाया नारा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार (25 जून) को लोकसभा सांसद के रूप में शपथ ली और अपने हाथ में संविधान लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को दिखाया। उन्होंने अपना शपथ ग्रहण ‘जय हिंद, जय संविधान’ के नारे के साथ समाप्त किया। अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शपथ ले रहे हैं। लाल ने लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी उम्मीदवार स्मृति ईरानी को हराया था। इससे पहले कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, जो वायनाड उपचुनाव के लिए उम्मीदवार भी हैं, 18वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में राहुल गांधी के शपथ ग्रहण से पहले आज संसद पहुंचे थे।

राहुल गांधी इस बार उत्तर प्रदेश के रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। इससे पहले वह लोकसभा में केरल के वायनाड और उत्तर प्रदेश के अमेठी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। शपथ के लिए जब राहुल गांधी का नाम पुकारा गया तो कांग्रेस के सदस्य अपने स्थान पर खड़े हो गए और ‘जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारे लगाने लगे। उनके शपथ लेने के बाद भी कांग्रेस सदस्यों ने ‘जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारे लगाए। राहुल गांधी ने वर्ष 2022 में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और इस साल की शुरुआत में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाली थी।

उत्तर प्रदेश के मेरठ संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अरुण गोविल ने मंगलवार को लोकसभा की सदस्यता की शपथ संस्कृत में ली। जब शपथ के लिए अरुण गोविल का नाम पुकारा गया तो सत्तापक्ष के कुछ सदस्यों ने ‘जय श्री राम’ का नारा लगाया। गोविल ने टेलीविजन के मशहूर धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाई थी। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित भाजपा सांसद महेश शर्मा ने भी संस्कृत में शपथ ली। मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने हिंदी में शपथ ली। शपथ से पहले उन्होंने ‘राधे-राधे’ का उद्घोष किया।

Facebook Comments