Thursday 22nd of October 2026 04:59:04 PM

Breaking News
  •  दुनिया के सबसे भीषण खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा बांग्लादेश-WHO|
  • जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा ,हथियार बनाने के उपकरण बरामद |
  • लखनऊ में पुलिकर्मियों को योगी सरकार की सौगात , भत्तों में बढ़ोत्तरी का ऐलान|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 29 Apr 2024 5:36 PM |   455 views

अमेरिकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना हूतियों के हमलों पर विराम लगाने में नाकाम

गाजा पर इजराइली हमलों के खिलाफ यमन के हूती विद्रोहियों के लाल सागर में हमले लगातार जारी हैं| अमेरिकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना तमाम ऑपरेशन के बाद भी हूतियों के हमलों पर विराम लगाने में नाकाम होती दिखाई दे रही है| हाल ही में हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने एक तेल टैंकर पर हमले और अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने की जिम्मेदारी ली है| राफा में इजराइल के हमलों की तैयारी के बीच एक बार फिर हूतियों ने एक ब्रिटिश ऑयल शिप एंड्रोमेडा स्टार और अमेरिका सेना के MQ-9 रीपर ड्रोन को निशाना बनाया है. खबरों के मुताबिक, इस हमले में अमेरिकी सेना का ड्रोन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, वहीं ब्रिटिश शिप को मामूली नुकसान हुआ है|

अमेरिकी सेना ने बताया कि हूती विद्रोह ने लाल सागर में कई लक्ष्यों पर तीन एंटीशिप बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं और एमवी एंड्रोमेडा स्टार को क्षतिग्रस्त कर दिया. USM सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया, “एमवी एंड्रोमेडा स्टार को मामूली नुकसान हुआ है, और शिप ने अपना सफर जारी रखा है.” बता दें कि यमन के इन हमलों का जवाब देने के लिए क्षेत्र में अमेरिकी गठबंधन सेना कई ऑपरेशन को अंजाम दे रही है. यमन के सरकारी TV चैनल पर सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने ये भी बताया कि यमनी एयरफोर्स ने एक अमेरिकी ड्रोन को भी गिराया है. अमेरिकी गठबंधन सेना के ऑपरेशन शुरू करने के बाद से ये तीसरा ड्रोन है जो हूतियों ने मार गिराया है. अमेरिकी सेना ने अभी तक अपने ड्रोन के हमले का शिकार होने पर कोई टिप्पणी नहीं की है|

गाजा में शांति होने तक हूती विद्रोहियों ने अपने हमले जारी रखने के लिए कहा है. कुछ खबरों के मुताबिक हूती ग्रुप को अमेरिका और ब्रिटेन द्वारा समझौते के लिए कई ऑफर भी दिए जा चुके हैं लेकिन वे किसी भी समझौते के लिए तैयार नहीं है|

Facebook Comments