Tuesday 22nd of September 2026 06:31:46 AM

Breaking News
  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जमीन फर्जीवाड़ा और मनी लोंद्रिंग मामले में 21 सितम्बर को पीएमएलए कोर्ट में पेशी |
  • भारत और अमेरिकी सेनाओ का साझा युद्धाभ्यास जारी , ड्रोन और एआई पर फोकस |
  • ODOP से काशी की मशहूर लौंगलता मिठाई को मिल रही नई पहचान |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 11 Mar 2022 6:13 PM |   551 views

विधानसभा चुनाव में चार राज्यों में भाजपा की जीत के बाद मोदी का गुजरात में रोड शो

अहमदाबाद (गुजरात)- उत्तर प्रदेश, मणिपुर, उत्तराखंड और गोवा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात में रोड शो किया।

फूल मालाओं से सजी गाड़ी में सवार मोदी भगवा रंग की टोपी पहने नजर आए। मोदी ने रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर जमा सैकड़ों समर्थकों तथा प्रशंसकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। हवाई अड्डे से शुरू हुआ रोड शो करीब 10 किलोमीटर दूर गांधीनगर में भाजपा के राज्य मुख्यालय ‘कमलम’ पर समाप्त हुआ।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तथा भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सी. आर. पाटिल भी मोदी के साथ मौजूद थे।

मोदी ने इस दौरान हाथ से ‘‘वी फॉर विक्टरी (जीत)’’ का चिन्ह बनाया जिसे देखकर उत्साहित समर्थकों ने उनके समर्थन में नारेबाजी की। भाजपा के कई कार्यकर्ता भी रोड शो में शामिल हुए।

वहीं, रास्ते में कई स्थानों पर सड़क किनारे लगे मंचों पर कलाकारों ने शास्त्रीय एवं पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी। रास्ते में मोदी के पोस्टर भी लगे नजर आएं। कई पोस्टर पर रोड शो का मार्ग भी चिह्नित था। इनमें से एक पर यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को देश वापस लाने के लिए चलाए ‘ऑपरेशन गंगा’ के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं थी।

रोड शो के दौरान लोग प्रधानमंत्री के वाहन के करीब आते ही ‘‘मोदी मोदी’’ के नारे लगाने लगते थे।

इस रोड शो को गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है, जो इस साल दिसंबर में होने हैं।

भाजपा के एक कार्यकर्ता ने कहा, ‘‘ गुजरात में केवल भाजपा जीतेगी। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के यहां आने की कोई गुंजाइश नहीं है, यह मोदी का गृह राज्य है।’’

यूक्रेन से भारतीय छात्रों को सुरक्षित वापस लाने के लिए भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता ने मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘ भारत का एक सपूत (मोदी) देश के हजारों बेटे-बेटियों को युद्धग्रस्त क्षेत्र से सुरक्षित वापस ले आया। वह गुजरात आए हैं, हम उनका स्वागत करके खुश हैं।’’

यूक्रेन से लौटे कुछ छात्र भी भीड़ का हिस्सा थे और उन्होंने छात्रों को वापस लाने के प्रयासों के लिए मोदी और केन्द्र सरकार की सराहना की।

लोगों को रोड शो दिखाने के लिए रास्ते में कई ‘स्क्रीन’ भी लगाई गईं थीं।

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा, ‘‘ हम आश्वस्त हैं कि गुजरात में दिसंबर में होने वाले चुनाव में भाजपा की जीत होगी।’’

पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि गांधीनगर में भाजपा के राज्य मुख्यालय ‘कमलम’ पहुंचने के बाद मोदी ने गुजरात विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भाजपा की राज्य इकाई के नेताओं के साथ बैठक की।

-(भाषा)

Facebook Comments