Saturday 19th of September 2026 08:51:45 PM

Breaking News
  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जमीन फर्जीवाड़ा और मनी लोंद्रिंग मामले में 21 सितम्बर को पीएमएलए कोर्ट में पेशी |
  • भारत और अमेरिकी सेनाओ का साझा युद्धाभ्यास जारी , ड्रोन और एआई पर फोकस |
  • ODOP से काशी की मशहूर लौंगलता मिठाई को मिल रही नई पहचान |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 17 Oct 2020 5:56 PM |   688 views

भारत में डेढ़ महीने बाद इलाज करा रहे कोविड-19 मरीजों की संख्या आठ लाख से नीचे

नयी दिल्ली-  भारत में पिछले डेढ़ महीने में पहली बार इलाज करा रहे कोविड-19 मरीजों की संख्या आठ लाख से नीचे आई है और यह संख्या देश में कुल मामलों का 10.70 फीसदी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। आंकड़ों के अनुसार अभी देश में कोविड-19 के 7,95,087 मरीजों का इलाज चल रहा है।

मंत्रालय ने बताया कि इससे पहले कोरोना वायरस से संक्रमित इलाज करा रहे मरीजों की संख्या एक सितंबर को आठ लाख से नीचे थी।

मंत्रालय ने बताया, ‘‘ देश में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज कोविड-19 से ठीक हो रहे हैं और इलाज करा रहे मरीजों की संख्या तेजी से कम हो रही है।’’

देश में अब तक 65,24,595 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।

मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आकंड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में कुल 70,816 मरीज स्वस्थ हुए हैं और इसी अवधि में संक्रमण के 62,212 नए मामले सामने आए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर स्वस्थ होने की दर बढ़कर 87.78 फीसदी हो गई है।

मंत्रालय ने बताया कि देश में चिकित्सकीय ढांचों में बढ़ोतरी, बचाव नियमों, डॉक्टरों, नर्सों और अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों के समर्पित कार्यों से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है और मृत्यु दर में कमी आई है।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘ भारत एक मात्र ऐसा देश है, जहां स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है और यह वैसे देशों की सूची में शामिल हैं, जहां कोविड-19 से मृत्यु दर कम है। मौजूदा समय में मृत्यु दर 1.52 फीसदी है।’’

मंत्रालय ने बताया कि स्वस्थ हुए नए लोगों में से 78 फीसदी महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से हैं।

मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में अब भी बड़ी संख्या में कोविड-19 के मामले सामने आ रहे हैं। यहां 11,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं और इसके बाद कर्नाटक और केरल में 7,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं।

पिछले 24 घंटे में 837 लोगों की मौत हुई है और इनमें से 82 फीसदी मौतें 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों- महाराष्ट्र, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और केरल में हुई हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 306 लोगों की मौत हुई।

( भाषा )

Facebook Comments