19 साल बाद यूपी की फुटबॉल टीम बनी राष्ट्रीय चैंपियन
लखनऊ में उत्तर प्रदेश की अंडर-17 बालक फुटबॉल टीम ने 19 साल बाद राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रच दिया है। बलिया के वीर लॉरेंस स्टेडियम में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में यूपी ने झारखंड को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हरा दिया।लखनऊ के गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के छात्र आदिदेव यादव की कप्तानी में टीम ने यह शानदार जीत हासिल की। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर थीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में यूपी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
स्पोर्ट्स कॉलेज के अभिषेक और कप्तान आदिदेव यादव ने गोल कर टीम की जीत पक्की की।इस ऐतिहासिक जीत पर स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेन्द्र यादव और फुटबॉल प्रशिक्षक अमित कुमार मंडल ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
