बेसिक वॉरियर बलरामपुर बनी चैंपियन, जे.एम.एस. धुरंधर रही उपविजेता
बलरामपुर -अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद बलरामपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित ‘बालिका प्रीमियर लीग 2026’ का भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। पूरे दिन चले रोमांचक मुकाबलों में बालिकाओं ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और जज़्बे का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया।फाइनल मुकाबले में बेसिक वॉरियर बलरामपुर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जे.एम.एस. धुरंधर को पराजित कर खिताब अपने नाम किया, जबकि जे.एम.एस. धुरंधर टीम उपविजेता रही।
सेमीफाइनल मुकाबलों में दिखा रोमांच-
फाइनल से पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में बालिकाओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले सेमीफाइनल में जे.एम.एस. धुरंधर की टीम ने मां पाटेश्वरी वॉरियर को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में बेसिक वॉरियर बलरामपुर ने कस्तूरबा राइटर उतरौला को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई।
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह-
फाइनल मुकाबले के दौरान बालिकाओं का उत्साहवर्धन करने के लिए विधायक बलरामपुर पलटूराम, माननीय विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन तथा पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक बलरामपुर पलटूराम ने कहा कि ऐसी खेल प्रतियोगिताएं बालिकाओं की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
प्रियंका बनीं ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’-
प्रतियोगिता में बेसिक वॉरियर बलरामपुर की खिलाड़ी प्रियंका ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच से भी सम्मानित किया गया।
बेसिक स्कूल की बालिकाओं ने बढ़ाया गौरव-
जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और सहयोगियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता ने यह साबित कर दिया है कि बेसिक स्कूल की बालिकाएं किसी भी मायने में निजी विद्यालयों से कम नहीं हैं। उन्होंने सभी टीमों को उनके उत्कृष्ट खेल के लिए बधाई दी।
एवरेस्ट फतह के लिए नई पहल-
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने एक नई पहल की घोषणा करते हुए कहा कि जनपद के बेसिक विद्यालयों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को पर्वतारोहण के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए विशेष पहल की जाएगी। इसके तहत चयन प्रक्रिया आयोजित कर बेसिक शिक्षा विभाग की 10 बालिकाओं को माउंट एवरेस्ट फतह के लक्ष्य के साथ प्रशिक्षण एवं अभियान के लिए तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनपद की बेटियां खेल और साहसिक गतिविधियों में भी नई ऊंचाइयां हासिल करें, इसके लिए प्रशासन निरंतर प्रयास करेगा।
कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया तथा सभी टीमों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई। बालिका प्रीमियर लीग का यह आयोजन जनपद में महिला सशक्तिकरण और बेटियों के आत्मविश्वास को नई उड़ान देने का सशक्त उदाहरण बना।
Facebook Comments
