वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरती है ‘प्रबुद्ध वर्ग चौपाल’ : अनिल त्रिपाठी
गोरखपुर-रेलवे डेयरी कॉलोनी में प्रत्येक माह आयोजित होने वाली वरिष्ठ नागरिकों की प्रबुद्ध वर्ग चौपाल का आयोजन इस बार होली मिलन के रंग में अत्यंत उत्साह और आत्मीयता के साथ संपन्न हुआ। एक्सीलेंस एकेडमी के तत्वावधान में तथा सुभाष दुबे के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने फागुनी उमंग के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध भोजपुरी लोकगायक डॉ. राकेश श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत फागुनी गीत “फागुन में प्रीत बढ़ाले गोइयां” से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को होली के रंग में सराबोर कर दिया। इसके बाद वरिष्ठ कवि सुभाष यादव एवं मुकेश श्रीवास्तव ने अपने फागुनी गीतों से उपस्थित जनों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वरिष्ठ गीतकार रामाराव की लोकप्रिय रचना “रचेला गुलरिया के फूल…” ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अनिल त्रिपाठी, विधायक मेहदावल, ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को एक सूत्र में बाँधकर उनके अनुभवों और भावनाओं का सम्मान करना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने इस आयोजन के लिए संयोजक सुभाष दुबे तथा उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने भी कहा कि इस चौपाल में सम्मिलित होकर उन्हें नई ऊर्जा और आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है।
कार्यक्रम में राम सिंह एवं राजेश सिन्हा को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर डॉ. राकेश श्रीवास्तव, काशी नरेश चौबे, विनोद पांडेय तथा सुभाष दुबे द्वारा सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक सत्र में गीतकार डॉ. धर्मदेव सिंह ने चौताल एवं उलारा प्रस्तुत कर पारंपरिक भोजपुरी फगुआ की मधुर स्मृतियों को ताज़ा कर दिया। दिनेश गोरखपुरी एवं कमलाकांत श्रीवास्तव की रचनाओं ने भी श्रोताओं को भावविभोर किया। वहीं वरिष्ठ रचनाकार राजेश राज और सुधीर श्रीवास्तव ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को नई ऊँचाई प्रदान की।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तब देखने को मिला जब सभी वरिष्ठ नागरिकों ने एक साथ लोकप्रिय गीत “रंग बरसे भीगे चुनर वाली…” की धुन पर झूमते हुए यह संदेश दिया कि उत्साह, उमंग और जीवन का आनंद लेने के लिए उम्र कभी बाधक नहीं होती।
कार्यक्रम का संचालन शिवेंद्र पांडेय एवं काशी नरेश चौबे ने किया।
इस अवसर पर ज्योतिषाचार्य प्रभात त्रिपाठी, सत्यव्रत लाल, डॉ. सुरेश श्रीवास्तव, पूर्व रेल अधिकारी विनोद पांडेय, महेंद्र दुबे, पूर्व रजिस्ट्रार अरुण श्रीवास्तव, अष्टभुजा पांडेय, परमात्मा सिंह, चंद्रमोहन त्रिपाठी, राकेश सक्सेना, हरीश चंद्र, मुरलीधर, गिरजानंद सिंह, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, जनार्दन, सुनील बहल सहित सैकड़ों वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व रेल अधिकारी विनोद पांडेय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया ।
Facebook Comments
