सखनी ताल पर गूंजा आर्द्रभूमि संरक्षण का संदेश
देवरिया-विश्व आर्द्रभूमि दिवस के अवसर पर आज सामाजिक वानिकी प्रभाग देवरिया द्वारा देवरिया रेंज के पथरदेवा सेक्शन में ऐतिहासिक सखनी ताल के तट पर स्थित पवित्र मंदिर प्रांगण में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस वर्ष के वैश्विक विषय “आर्द्रभूमि और पारंपरिक ज्ञान: सांस्कृतिक विरासत का उत्सव” (Wetlands and traditional knowledge: Celebrating cultural heritage) के तहत पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं:
जागरूकता रैली: सेन्ट्रल पब्लिक हायर सेकेंड्री स्कूल पथरदेवा के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक जागरूकता रैली निकाली। प्रधानाचार्य दिनेश सिंह एवं अरविन्द जायसवाल के नेतृत्व में हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर बच्चों ने ग्रामीणों को आर्द्रभूमि (वेटलैंड) के महत्व और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
बर्ड वाचिंग कार्यक्रम: प्रभागीय निदेशक एवं वन विभाग अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मार्गदर्शन में बच्चों ने सखनी ताल पर आए विभिन्न स्थानीय और प्रवासी पक्षियों का अवलोकन किया। दूरबीन के माध्यम से पक्षियों की प्रजातियों और उनके आवास के बारे में जानकारी दी गई।
ग्राम सभा सखनी के ग्राम प्रधान शंभू कुशवाहा एवं ग्राम सभा के स्थानीय लोगों द्वारा पवित्र मंदिर की पौराणिकता एवं सखनी ताल के प्राचीनता के विषय में चर्चा की गई।
विभागीय संबोधन: सामाजिक वानिकी प्रभाग के अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि आर्द्रभूमियां न केवल जल को शुद्ध करती हैं, बल्कि बाढ़ नियंत्रण और जैव विविधता बनाए रखने में ‘धरती के गुर्दे’ (Kidneys of the Earth) के रूप में कार्य करती हैं।इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक कासरला राजू ,सामाजिक वानिकी प्रभाग देवरिया के सभी रेंजों के वन क्षेत्राधिकारियो के साथ -साथ वन प्रभाग के सभी स्टॉफ उपस्थित रहें।
Facebook Comments
