Thursday 5th of November 2026 12:01:43 PM

Breaking News
  •  4 नवम्बर को बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गोरखपुर आयेंगे |
  • कर्नाटक में दिवाली पर रात 8 बजे से 10 तक ही ग्रीन पटाखे जलाने का आदेश |
  • 200 करोड़ की वसूली केस में नोरा फतेही को दिल्ली कोर्ट का समन,6 नवम्बर को पेशी |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 20 Dec 2025 6:56 PM |   290 views

खराब कार्य करने पर बिल्हौर के बीडीओ, एडीओ पंचायत और बीईओ का वेतन रोका

कानपुर नगर-जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आज देर सायं बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण भारत मिशन, सामुदायिक सहभागिता और मध्याह्न भोजन योजना की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
 
समीक्षा में बिल्हौर और चौबेपुर ब्लॉक के विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। टाइलिंग कार्य, मल्टीपल हैंडवॉशिंग यूनिट, रनिंग वाटर इन टॉयलेट और सीडब्ल्यूएसएन से जुड़े कार्यों में बीते चार माह में कोई प्रगति नहीं होने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। इस पर बिल्हौर और चौबेपुर के खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और एडीओ पंचायत का दिसंबर माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
 
बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह को विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा न करने एवं खराब पर्यवेक्षण पर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश देते हुए कहा गया कि बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सभी कार्यों की नियमित और प्रभावी समीक्षा अनिवार्य रूप से की जाए।
 
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि आगामी बैठकों में सभी खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और एडीओ पंचायत अपने-अपने विकास खंडों में कराए जा रहे निर्माण कार्यों का फोटोयुक्त प्रस्तुतीकरण अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। डीसी निर्माण प्रवीण पांडे द्वारा बीते चार माह से बिल्हौर और चौबेपुर ब्लॉक में निर्माण कार्यों की प्रगति न होने की जानकारी उच्च अधिकारियों को न दिए जाने और नियमित समीक्षा न करने पर स्पष्टीकरण के साथ चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें और लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें।
 
मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि खंड शिक्षा अधिकारी नगर शालिनी गुप्ता द्वारा सदर बाजार क्षेत्र में चार दिन तक मध्याह्न भोजन न बनने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस पर जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन का नियमित वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
 
समीक्षा के दौरान जिला समन्वयक अनुरुद्ध सिंह द्वारा आवश्यक सूचनाएं प्रस्तुत न करने पर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। डीसी मध्याह्न भोजन सौरभ पांडे द्वारा बैठक में समुचित डाटा उपलब्ध न कराने पर उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए गए।
 
इसी क्रम में जिला समन्वयक एमआईएस द्वारा बच्चों के आधार कार्ड निर्माण में प्रगति न होने पर भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
 
जिलाधिकारी ने दोहराया कि सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने ब्लॉक के निर्माण कार्यों का नियमित प्रस्तुतीकरण देना सुनिश्चित करें। 
 
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, डीपीआरओ मनोज कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Facebook Comments