Monday 3rd of November 2025 02:02:37 PM

Breaking News
  • बिहार चुनाव से पहले बाहुबली अनंत सिंह को झटका ,14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया |
  • Elon musk साल के अंत में पेश करेंगे उड़ने वाली कार |
  • उत्तराखंड में अगले एक साल में 10-12 हजार सरकारी नौकरियां दी जाएंगी -मुख्यमंत्री धामी |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 2 Nov 2025 7:54 PM |   25 views

भारत पर्व 2025 में एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ दमक रहा उत्तर प्रदेश – जयवीर सिंह

लखनऊ: -सरदार वल्लभभाई पटेल  150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में 01 से 15 नवंबर तक आयोजित हो रहे भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग अपनी प्रभावशाली उपस्थिति से देशभर का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश अपनी अमूल्य सांस्कृतिक विरासत, लोक-परंपराओं और पर्यटन विविधता को एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ प्रस्तुत कर रहा है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।

मंत्री ने बताया कि भारत पर्व 2025 में देश की हृदयस्थली उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, लोक-कला, संगीत और पारंपरिक व्यंजनों का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन के स्टॉल पर आगंतुकों के लिए राज्य के विभिन्न गंतव्यों की सचित्र जानकारी उपलब्ध होगी, जो राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता और सामूहिक गौरव का संदेश देगा।

भारत पर्व हर साल आयोजित होने वाला एक वार्षिक कार्यक्रम है, जो देश के अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक विरासत, खाद्य परंपरा एवं कला कौशल को दर्शाता है। इस वर्ष का भारत पर्व देश की विविधता, एकता व शक्ति का उत्सव मनाने वाले एक भव्य समारोह के रूप में आइकॉनिक पर्यटन स्थल स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में हो रहा है। उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्य सरकारों तथा केन्द्र सरकार के जन प्रतिनिधि के साथ-साथ लोकप्रिय कलाकार, कारीगर तथा विशेष अतिथि इस 15 दिवसीय उत्सव के विभिन्न दिवसों में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

भारत पर्व के मंच पर आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश अपनी अद्भुत सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश करेगा। यहां प्रदेश के विविध लोक-नृत्य, संगीत और पारंपरिक कलाओं का संगम दर्शकों को उत्तर प्रदेश की लोक संस्कृति के रंगों में सराबोर कर देगा। ब्रज की रसधारा, अवध की विरासत, बुंदेलखंड की वीरता और पूर्वांचल की लोक धुनें, सब मिलकर एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को नया आयाम देंगी। प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए श्रेष्ठ लोक कलाकार अपने-अपने क्षेत्र की विशिष्ट लोक शैली का प्रदर्शन करेंगे।

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि शारत पर्व में उत्तर प्रदेश से भेजे जा रहे 12 विशिष्ट विधाओं के 72 प्रतिभाशाली कलाकार पारंपरिक और शास्त्रीय कलाओं की अनूठी झलक प्रस्तुत करेंगे। इस दल में शहनाई की धुनें, शंख की गूंज, डमरू की ओजस्वी ध्वनि, कथक की मनमोहक संरचनाओं तथा मयूर और राइ जैसे रंगारंग लोक नृत्य दर्शकों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगे। उत्तर प्रदेश के कलाकार 12 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

उत्तर प्रदेश के विभिन्न सांस्कृतिक दल जैसे- पाई डंडा, चरकुला, फरुवाही, थारू लोक नृत्य, बधावा लोकनृत्य और ढेढ़िया, गुजरात में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को प्रदर्शित करेंगे।विविध रंगों, लयों और परंपराओं से सजी यह सांस्कृतिक प्रस्तुति प्रदेश की एकता और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत उत्सव बनकर सामने आएगी।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित भारत पर्व 2025 में आगामी 15 नवंबर तक दर्शकों के लिए हस्तशिल्प स्टॉल, फूड स्टॉल, कठपुतली शो, स्टूडियो किचन और थीम पेविलियन जैसी मनमोहक प्रस्तुतियां दर्शकों को आकर्षित करेगी।

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश पर्यटन अपनी संस्कृति, खान-पान, नृत्य और आध्यात्मिकता को प्रदर्शित कर रहा है। विभाग का आकर्षक स्टॉल प्रदेश के विविध पर्यटन गंतव्यों की झलक प्रस्तुत कर रहा है। स्टॉल पर अयोध्या के श्रीराम मंदिर, वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता, मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर, स्पिरिचुअल ट्रायंगल, दीपोत्सव, देव दीपावली, रंगोत्सव आदि को दर्शकों के समक्ष प्रदर्शित किया जा रहा है। साथ ही, ईको टूरिज्म स्थलों और ग्रामीण पर्यटन से संबंधित जानकारी भी आगंतुकों को दी जा रही है। 

Facebook Comments