Wednesday 22nd of July 2026 05:23:43 AM

Breaking News
  • कांग्रेस का धरना ख़त्म ,हिरासत में राहुल गाँधी ,प्रियंका और अखिलेश |
  • दिल्ली प्रोटेस्ट में घायल बच्चों की मदद के लिए केजरीवाल का बड़ा ऐलान -मेडिकल और लीगल हेल्प का वादा |
  • मध्यप्रदेश विधानसभा में पारित किया समान नागरिक संहिता विधेयक |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 10 Dec 2019 6:27 PM |   689 views

टिकटॉक वीडियो बनाने के चक्कर में चली गोली

नईदिल्ली-  दिल्ली के रोहिणी के प्रेम नगर इलाके में दो समूहों में टिकटॉक वीडियो को लेकर हुए झगड़े में तीन व्यक्तियों ने कथित तौर पर गोली मारकर चार लोगों को घायल कर दिया। पुलिस  ने बताया कि यह घटना अगर नगर के सोम विहार में सोमवार रात लगभग 10 बजे हुई। इस घटना में चार लोगों को गोली लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों की पहचान अगर नगर निवासी रवि शर्मा (25) और राजेंदर (46), बृज विहार निवासी हिमांशु पाल (23) और शीश महल एन्क्लेव निवासी संजीव कुमार (21) के रूप में हुई है।

दिल्ली पुलिस उपायुक्त(रोहिणी) एस डी मिश्रा ने कहा, “हमें सोमवार रात सवा 10 बजे घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अलग-अलग अस्पताल पहुंचाया। डीसीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि दोनों समूहों के लोग 29 नवंबर को एक शादी में गए थे। वहां आरोपियों ने पीड़ितों को टिकटॉक वीडियो बनाने से मना किया जिसके बाद उनके बीच बहस छिड़ गई। बहस को लेकर अगले दिन आरोपियों ने पीड़ित समूह के एक सदस्य को मारा।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कुछ दिनों बाद पीड़ित समूह आरोपियों से बदला लेने पहुंचा। वहां उन्होंने एक आरोपी की मां से बहस कर उन्हें गाली दी। बाद में महिला के बेटे ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने बताया कि सोमवार को रात में तीन मोटरसाइकिल सवार घटनास्थल पर पहुंचे। वहां कमरे में दूसरे समूह के सदस्य जुआ खेल रहे थे।आरोपियों ने कमरे में घुसकर दूसरे समूह पर गोली चला दी। उन्होंने आठ राउंड गोलियां चलायी। कमरे में और भी लोग मौजूद थे जो घटना के समय जान बचाकर वहां से भाग गए।

मिश्रा ने बताया कि आईपीसी की धारा 307 (हत्या की कोशिश) और 34 (कुछ लोगों द्वारा किसी साझी मंशा से किसी काम को अंजाम देना) और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने बताया कि जहां यह घटना हुई वहां एक जुआखाना था। 22 नवंबर को शिवम नाम के एक व्यक्ति के खिलाफ जुए का रैकेट चलाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर हैं।

Facebook Comments