Saturday 24th of October 2026 09:33:03 PM

Breaking News
  •  NIA कोर्ट का यासीन मलिक समेत 7 पर मुकदमा चलाने का आदेश |
  • देहरादून में “किताब कौतिक” मेले में उमड़ी पाठकों की भीड़ |
  • काशी तमिल संगमम का पाचवा संस्करण 28 नवम्बर से 12 दिसम्बर तक |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 27 Apr 2025 7:43 PM |   563 views

ईको टूरिज्म बोर्ड प्रदेश के प्राकृतिक धरोहरों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध-जयवीर सिंह

लखनऊ -उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा 22 से 30 अप्रैल तक यूके, अमेरिका, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख टूर ऑपरेटर्स की विशेष फैमिलियराइजेशन ट्रिप (फैम ट्रिप) आयोजित की जा रही है। इसमें एक दल ने रविवार को लखनऊ की ऐतिहासिक धरोहरों- रेजीडेंसी, बड़ा इमामबाड़ा और ला मार्टिनियर कॉलेज का दौरा किया। जबकि दूसरे दल ने दुधवा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा किया। आगंतुक दोनों स्थलों की भव्यता देख अभिभूत हुए।

यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में ईको टूरिज्म की असीमित संभावनाएं हैं, जिन्हें धरातल पर उतारने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड राज्य के नैसर्गिक सौंदर्य को वैश्विक मंच पर स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में विभिन्न देशों की फैम ट्रिप कराई जा रही है। इन दलों में टूर ऑपरेटर्स के साथ पत्रकारों और ट्रैवल राइटर्स को भी शामिल किया गया है।

सिंह बताया कि ये टूर ऑपरेटरर्स का दल उत्तर प्रदेश के प्रमुख ईको टूरिज्म स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं और अपनी रिपोर्ट्स, लेखों और सोशल मीडिया पोस्ट्स के माध्यम से प्रदेश के प्राकृतिक आकर्षणों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित कर रहे हैं। इस पहल से उत्तर प्रदेश के पर्यटन उद्योग को एक नया आयाम मिलेगा और राज्य में रोजगार तथा आर्थिक विकास के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान विदेशी मेहमानों ने लखनऊ के प्रसिद्ध स्थानीय व्यंजनों का भी आनंद लिया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की प्रशंसा की। ईको टूरिज्म बोर्ड का उद्देश्य इस पहल के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देना है।

जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश की पर्यटन क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य में फेम ट्रिप कराई जा रही है। एक दल बटेश्वर, आगरा, चंबल सफारी, इत्र नगरी कन्नौज, दुधवा नेशनल पार्क, पीलीभीत टाइगर रिजर्व और कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य आदि का भ्रमण करते हुए राजधानी लखनऊ पहुंचा। रविवार को लखनऊ का भ्रमण किया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि लखनऊ के बाद प्रतिनिधियों को प्रयागराज की फैम ट्रिप कराई जाएगी, जहां वे संगम तट, ऐतिहासिक स्थलों और प्रसिद्ध फार्म स्टे प्लांटर्स बंग्लो का दौरा करेंगे। अंत में, यह दल काशी पहुंचेगा, जहां वे काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन, गंगा आरती, वाराणसी की सुबह, स्थानीय आर्ट एंड क्राफ्ट और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेंगे। जबकि दूसरा दल वाराणसी, प्रयागराज और लखनऊ का भ्रमण करते हुए दुधवा पहुंचा है। यहां से वे कन्नौज, चंबल सफारी और आगरा जाएंगे।

सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने के उद्देश्य से विदेशी टूर ऑपरेटरों के लिए एक विशेष फैम ट्रिप का आयोजन किया गया है। इस पहल के तहत प्रतिनिधिमंडल को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की यात्रा कराई जा रही है।

प्रतिनिधिमंडल चंबल सफारी से लेकर काशी तक की यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से देखेंगे।

Facebook Comments