Tuesday 28th of July 2026 03:46:53 PM

Breaking News
  • देश की 21 विधान सभाओं को NEVA परियोजना के तहत डिजिटल किया गया |
  • लोकसभा में नहीं थम रहा हंगामा लोक परीक्षा संशोधन विधेयक पर चर्चा टली |
  • सिक्किम में नाथू ला दर्रे के रस्ते से भारत और चीन के बीच सीमा व्यापार फिर से होगा शुरू |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 3 Mar 2025 5:58 PM |   675 views

‘शक्ति रसोई’ की शुरुआत: जरूरतमंदों को मिलेगा सस्ता और पौष्टिक भोजन

गोण्डा। जिला अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद मरीजों और उनके तीमारदारों को सस्ते दरों पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा की पहल पर ‘शक्ति रसोई’ की शुरुआत की जा रही है। 6 मार्च को जिला अस्पताल परिसर में इसका उद्घाटन किया जाएगा। इस रसोई का संचालन दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत किया जाएगा, जिसके लिए सभी आवश्यक संसाधन सूडा (SUDA) द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।
 
पौष्टिक भोजन के साथ महिलाओं को मिलेगा रोजगार-
 
इस रसोई का संचालन ‘रंजना स्वयं सहायता समूह’ द्वारा किया जाएगा, जिसमें सीमा, नुसरत और  सोनी शामिल हैं। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करेगी, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकेंगी। ‘शक्ति रसोई’ का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों और कमजोर वर्गों को राहत प्रदान करना है। यहां सस्ते, स्वच्छ और संतुलित भोजन की व्यवस्था की जाएगी, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भोजन की समस्या का सामना न करना पड़े।
 
सामाजिक समरसता को मिलेगा बढ़ावा-
 
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने इस पहल को सामाजिक सहयोग का अनूठा उदाहरण बताते हुए कहा कि ‘शक्ति रसोई’ से जरूरतमंदों को पौष्टिक भोजन मिलेगा और महिलाओं को रोजगार का अवसर प्राप्त होगा। यह योजना समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।शक्ति रसोई की इस पहल का स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने स्वागत किया है। उनका मानना है कि इससे गरीबों को राहत मिलेगी और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
 
जनपद की तीसरी शक्ति रसोई-
 
गोण्डा में शक्ति रसोई की यह तीसरी इकाई होगी। इससे पहले लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज परिसर और कलेक्ट्रेट परिसर में भी इसकी शुरुआत हो चुकी है।
Facebook Comments