Sunday 25th of October 2026 09:36:24 PM

Breaking News
  •  NIA कोर्ट का यासीन मलिक समेत 7 पर मुकदमा चलाने का आदेश |
  • देहरादून में “किताब कौतिक” मेले में उमड़ी पाठकों की भीड़ |
  • काशी तमिल संगमम का पाचवा संस्करण 28 नवम्बर से 12 दिसम्बर तक |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 26 Oct 2024 5:04 PM |   565 views

दीपोत्सव की तैयारी में वनटांगिया परिवारों के घरों को चटख रंगों से सजाया गया

गोंडा-जिला प्रशासन की एक नई पहल के तहत वनटांगिया दीपोत्सव 2024 के लिए वनटांगिया समुदाय के घरों को दीपावली के अवसर पर चटख रंगों और अल्पनाओं से सजाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के “जीरो पॉवर्टी” मिशन के तहत, गोंडा के रामगढ़ और महेशपुर गांवों के वनटांगिया परिवारों के घरों की पेंटिंग कराई गई है। इस पहल का उद्देश्य न केवल इन ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना है, बल्कि उनके जीवन में उत्साह और त्योहारों की खुशी का वातावरण बनाना भी है।
 
इस अभियान के तहत घरों की दीवारों पर रंग-बिरंगी पेंटिंग्स और अल्पनाओं का काम किया गया है, जिसमें प्रमुख रूप से लाल, पीला, हरा और नीला जैसे चटख रंगों का उपयोग हुआ है। इसके साथ ही दीवारों पर पारंपरिक लोक चित्रकला और अल्पनाओं से सजी सुंदर कलाकृतियाँ इन घरों को एक नई पहचान दे रही हैं। रामगढ़ वन टांगिया गांव के निवासी मनीराम और अनिल कुमार ने बताया कि पहली बार उनके घर इतने खूबसूरत और त्योहारों की खुशी से सजे-संवरे नजर आ रहे हैं।
 
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया, “इस पहल का उद्देश्य केवल घरों को सुंदर बनाना नहीं था, बल्कि यह वनटांगिया समुदाय में स्वच्छता, सुंदरता और आत्मसम्मान की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए थी। दीपावली का पर्व खुशियों और प्रकाश का प्रतीक है। प्रशासन की इस पहल के माध्यम से वनटांगिया समुदाय के परिवारों में उत्सव का एक नया रंग भरने का प्रयास किया गया है।”
 
वनटांगिया दीपोत्सव 2.0 के इस आयोजन के तहत 27 अक्टूबर को एक विशेष समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें वनटांगिया समुदाय के परिवारों को उपहार, कपड़े, और दैनिक जीवन की अन्य आवश्यक वस्तुएं दी जाएंगी। इसके साथ ही, 24 और 25 अक्टूबर को विशेष स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया है। 
 
इस नई पहल ने वनटांगिया परिवारों में उत्सव का नया रंग भर दिया है और जिला प्रशासन का यह कदम ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
Facebook Comments