Wednesday 22nd of July 2026 07:43:33 PM

Breaking News
  • कांग्रेस का धरना ख़त्म ,हिरासत में राहुल गाँधी ,प्रियंका और अखिलेश |
  • दिल्ली प्रोटेस्ट में घायल बच्चों की मदद के लिए केजरीवाल का बड़ा ऐलान -मेडिकल और लीगल हेल्प का वादा |
  • मध्यप्रदेश विधानसभा में पारित किया समान नागरिक संहिता विधेयक |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 23 Aug 2024 6:22 PM |   469 views

स्कूल का छज्जा गिरा,40 घायल, 5 गंभीर

बाराबंकी – शुक्रवार सुबह अवध एकेडमी स्कूल का छज्जा गिर गया। 40 बच्चे मलबे के साथ 15 फीट नीचे जमीन पर गिर गए। हादसे में सभी घायल हो गए। 5 की हालत गंभीर है। हादसे के बाद स्कूल को सील करके मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।

मामला सुबह 8 बजे का जहांगीराबाद थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। कई बच्चे मलबा के बीच दब गए। किसी के सिर-चेहरे और गर्दन में तो किसी के सीने और हाथ पैर में गंभीर चोट आई। कई बच्चों के पैर टूटे हैं। यहां हर तरफ केवल खून ही खून था। बच्चों की चींख-पुकार मची थी।

शोर-शराबा सुनकर आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। बच्चों को मलबे से रेस्क्यू करके निकाला गया। सभी घायलों को स्कूल से 300 मीटर दूर जहांगीराबाद CHC लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के माता-पिता भी स्कूल पहुंच गए। स्कूल प्रबंधन भी मौके पर पहुंचा। सीएम योगी ने हादसे पर संज्ञान लिया है। अफसरों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

अवध एकेडमी स्कूल में करीब 400 बच्चे पढ़ते हैं। कुछ क्लास ग्राउंड फ्लोर और कुछ फर्स्ट फ्लोर पर चलती हैं। पहली मंजिल से नीचे आने का रास्ता छज्जा से होकर गुजरता है। हादसे के वक्त बच्चे प्रेयर के लिए छज्जे की बगल की सीढ़ी से उतर रहे थे।

‘छज्जा गिरने की सूचना मिलते ही स्कूल पहुंचा’

अभिभावक अनिल कुमार ने बताया- मेरा बच्चा अवध एकेडमी स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ता है। आज उसकी परीक्षा थी, सुबह घर से स्कूल गया। कुछ समय बाद ही फोन आया कि स्कूल का छज्जा गिर गया है।

जिसमें बच्चे घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल पहुंचे, देखा तो मेरा बेटा सुरक्षित था। लेकिन हादसे में कई बच्चे गंभीर घायल हुए हैं। बेटे ने बताया कि प्रार्थना करने के लिए सभी लोग जा रहे थे। अचानक से स्कूल के पहली मंजिल का छज्जा गिर गया।

एसपी बोले- हादसे की वजह की जांच कर रहे

एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया- अवध एकेडमी स्कूल में बच्चों की परीक्षा होनी थी। इसी दौरान छज्जा पर एक साथ भारी संख्या में बच्चे आ गए। छज्जा पर लोड बढ़ा और अचानक से गिर गया। हादसे में 40 बच्चे घायल हैं। सभी घायल बच्चों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

हादसे के पीछे की वजहों की जांच शुरू कर दी गई है। जो भी इस हादसे के लिए जिम्मेदार होगा। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्कूल की मान्यता 10वीं है, लेकिन संचालन 12वीं तक किया जा रहा था।

Facebook Comments