Saturday 7th of November 2026 10:38:27 AM

Breaking News
  •  4 नवम्बर को बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गोरखपुर आयेंगे |
  • कर्नाटक में दिवाली पर रात 8 बजे से 10 तक ही ग्रीन पटाखे जलाने का आदेश |
  • 200 करोड़ की वसूली केस में नोरा फतेही को दिल्ली कोर्ट का समन,6 नवम्बर को पेशी |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 20 Feb 2024 4:21 PM |   550 views

लापरवाही बरतने पर लेखपाल निलंबित

देवरिया-जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा की उपस्थिति में आज बरहज तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 23 प्रार्थना पत्र आये जिसमें से दो का मौके पर निस्तारण किया गया। सर्वाधिक 11 प्रकरण राजस्व विभाग से संबंधित रहे।
 
ग्राम बढ़या हरदो निवासी संजीव यादव पुत्र रामायण ने सरकारी भूमि पर हरे पेड़ की अवैध कटाई में लेखपाल की संदिग्ध भूमिका की शिकायत की और मौके की तस्वीर दिखाई। जिलाधिकारी ने प्रथमदृष्टया शिकायत को सही पाया और मौके पर ही लेखपाल चंद्रशेखर को निलंबित करने का निर्देश दिया।नन्दना वार्ड निवासी रामायण पुत्र विजयी ने दाखिल-खारिज से जुड़े प्रकरण में तहसील में सक्रिय प्राइवेट व्यक्ति राजेश द्वारा रिश्वत मांगने का आरोप लगाया।
 
जिलाधिकारी ने प्रकरण को गंभीरतापूर्वक लेते हुए आरोपी व्यक्ति को जांच के लिए थाने भेजने का निर्देश दिया। तहसील परिसर में निजी व्यक्ति के सक्रिय होने पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई और साथ ही इस प्रकरण के संबन्ध में एसडीएम एवं तहसीलदार से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने शिकायतकर्ता के आवेदन को सात दिन के भीतर नियमानुसार निस्तारित करने का निर्देश दिया।
 
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित हैं। लेखपाल अपने हलको में सक्रिय रहें। यदि कहीं किसी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नजर आए तो उसे तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाये।
 
उन्होंने कहा कि यदि उनकी संज्ञान में किसी प्रकरण में लेखपाल की भूमिका संदिग्ध मिलेगी तो सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने पुलिस से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई की। उन्होंने कहा कि राजस्व कर्मी एवं पुलिस संयुक्त टीम बनाकर प्रकरणों की जांच करें, जिससे शिकायतकर्ता को गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राप्त हो सके।इस अवसर पर सीएमओ डॉ राजेश झा,डीएफओ जगदीश आर, एसडीएम अवधेश निगम, जिला विकास अधिकारी रवि शंकर राय सहित विभिन्न जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
 
श्रम विभाग के लाभार्थियों को किया स्वीकृति पत्र वितरित-
 
जिलाधिकारी अखण्ड प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने आज तहसील बरहज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया। मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता के अन्तर्गत दो लाख का स्वीकृति पत्र मुर्तुजा अंसारी को तथा दो लाख पचीस हजार का स्वीकृति पत्र नूरजहां को प्रदान किया गया। इसी प्रकार शिशु मातृत्व बालिका मदद योजना के लाभार्थी सलीम को 25 हजार एवं सुनीता को 25 हजार का स्वीकृति पत्र दिया गया। कन्या विवाह योजना के तहत जिउत को 55 हजार, कृष्णावती देवी को 55 हजार, प्रमिला को 25 हजार एवं तबसुम निशा को 55 हजार का स्वीकृति पत्र दिया गया।
Facebook Comments