Wednesday 23rd of September 2026 08:42:07 AM

Breaking News
  • मुख्यमंत्री योगी का ऐलान-एक लाख सरकारी नौकरी का प्लान |
  • लखनऊ में 11 एमएलसी सीटों पर चुनाव की अधिसूचना जारी|
  • अप्रैल -मई तक भारत की बुलेट ट्रेन पटरियों पर उतारने का लक्ष्य -रेल मंत्री
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 18 Nov 2023 5:00 PM |   411 views

स्वच्छ त्यौहार के रूप में मनायी जाएगी छठ पूजा:- ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा

लखनऊ:- प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को लखनऊ के गोमती नदी किनारे स्थित लक्ष्मण मेला स्थल एवं कुड़िया घाट में छठ पूजा के लिए की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बीते वर्ष भी उन्होंने छठ पर्व से पूर्व तैयारियों एवम् व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था। इस वर्ष छठ घाटों और गोमती नदी के पानी को और साफ सुथरा बनाने तथा सुंदरीकरण के लिए उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों के कार्यों की प्रशंसा की।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि छठ पर्व पर शहर के विभिन्न घाटों पर पूजा की जाती है, वहीं राजधानी के इस प्रख्यात स्थान पर छठ पूजा पर जमावड़ा लगता है। विगत वर्ष की भाँति नगर निगम लखनऊ द्वारा विभिन्न आवश्यक व्यवस्थायें जैसे कि घाट की साफ-सफाई, घाट की सीढ़ियों आदि की मरम्मत एवं अस्थायी सीढ़ियों की व्यवस्था, कूड़े का उठान, चूने का छिड़काव, सेनिटाईजेशन, एंटीलार्वा का छिड़काव,फॉगिंग, पेयजल की व्यवस्था, टूटे स्थानों/रेलिंग की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था इत्यादि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायी जा रही है। मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराई जा रही है।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि आप देख सकते हैं कि पूरा घाट साफ-सुथरा है, गोमती नदी का पानी भी स्वच्छ दिख रहा है और साथ ही विद्युत लाइट की भी व्यवस्था कि गयी है। नगर विकास मंत्री शर्मा ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन मानस को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।

नगर विकास मंत्री के द्वारा पूजा स्थल पर नगर निगम द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं की सराहना की गयी तथा विशेष सफाई एवं उच्च कोटि की प्रकाश व्यवस्था बनाये रखने के लिए सम्बन्धित को निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त पूजा स्थल पर कार्यरत सफाई कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे परिश्रम के साथ बेहतर कार्य करते रहने हेतु कहा गया।

उन्होंने पूजा घाटों एवं आसपास की विधिवत साफ-सफाई व सौन्दर्यीकरण सुनिश्चित कराने एवं पूजा के दौरान पूजा सामग्री को नदी के जल में प्रवाहित न हो, पानी प्रदूषित न हो, इसके प्रबंध करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने इसके लिए नदी के अंदर अर्पण कलश तथा जाल स्थापित करने के भी निर्देश दिए।

नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि छठ पूजा घाटों में श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, कूड़ेदान एवं अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए और लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के थैलों के प्रयोग से बचने के लिए जागरूक भी किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए घाट के पास ही मोबाइल टॉयलेट एवं पोर्टेबल टायलेट लगाये जाए और इनके सफाई का भी ध्यान रखा जाए साथ ही सामुदायिक शौचालयों को भी निरन्तर साफ-सुथरा रखा जाए।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार छठ पर्व को स्वच्छ त्योहार के रूप में मना रही है। इस बार की छठ पूजा जीरो वेस्ट छठ पूजा के रूप में होगी। इसके लिए लोगों को जागरूक किया जायेगा कि पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों और वस्तुओं का प्रयोग करें और किसी भी तरह की प्लास्टिक के बने उत्पाद का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि इस पर्व में महिला, पुरूष एवं बच्चों की भागीदारी बहुतायत में रहती है। इस दृष्टि से उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से मिलकर किये जाए। कोई भी श्रद्धालु व बच्चे नदी के गहरे जल में न जाने पाए, इसके लिए नदी में व्यवस्थित बैरीकेटिंग कराई जाए।

इस दौरान उन्होंने छठ पूजा स्थलों में उपस्थित सफाई कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी त्योहार एवं पर्व हमारी भारतीय संस्कृति एवं समाज से गहराई से जुड़े हुए हैं। इसमें निरन्तर आपका सहयोग मिल रहा है और साथ ही पुण्य के भी भागीदार बन रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान दिया गया है। पूरे पर्व के दौरान हमारी टीम सफाई के साथ सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देगी।

निरीक्षण के दौरान सचिव नगर विकास अजय कुमार शुक्ला,अपर नगर आयुक्त अवनीन्द्र कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, मुख्य अभियंता (सिविल) महेश वर्मा, मुख्य अभियंता (आर.आर./ईएम) मनोज प्रभात, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0. विजय कुमार व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Facebook Comments