Saturday 7th of November 2026 09:56:16 PM

Breaking News
  •  दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं|
  • 16 साल की धिनधि ने रचा इतिहास ,फ्री स्टाइल में जीता कांस्य पद |
  • मो. शमी ने टेस्ट क्रिकेट से लिया सन्यास|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 13 Nov 2022 6:20 PM |   667 views

दिसंबर से G-20 की अध्यक्षता करेगा भारत

भारत एक दिसंबर 2022 से जी-20 की अध्यक्षता करेगा। वहीं, जी-20 के शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को इंडोनेशिया के बाली रवाना होंगे। विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल इंडोनेशिया के बाली के लिए निकलेंगे और वहां होने जा रही 17वीं G-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि भारत 1 दिसंबर से शुरू होने वाले एक वर्ष के लिए G-20 की अध्यक्षता करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि हमारी G20 अध्यक्षता के दौरान, भारत, इंडोनेशिया और ब्राजील एक तिकड़ी होंगे|

विदेश सचिव के मुताबिक G20 में यह पहली बार है कि इस तिकड़ी में विकासशील देश और उभरती हुई अर्थव्यवस्थाएं शामिल होंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया की अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करेंगे और उनसे बातचीत करेंगे।

जानकारी के मुताबिक नरेंद्र मोदी बाली में जी-20 शिखर सम्मेलन के तीन प्रमुख सत्र– खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल परिवर्तन और स्वास्थ्य– में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री तीन दिवसीय यात्रा पर सोमवार को इंडोनेशियाई शहर बाली के लिए रवाना होंगे, जहां यूक्रेन संघर्ष और इसके प्रभावों सहित वैश्विक चुनौतियों पर व्यापक विचार-विमर्श होने की उम्मीद है। 

मोदी और अन्य नेता वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, पर्यावरण, डिजिटल परिवर्तन जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग भी हिस्सा लेंगे। क्वात्रा ने कहा कि मोदी जी-20 के कुछ नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो के निमंत्रण पर शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। इंडोनेशिया जी-20 का वर्तमान अध्यक्ष है। भारत एक दिसंबर से औपचारिक रूप से जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण करेगा। जी-20 या 20 देशों का समूह दुनिया की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का एक अंतर सरकारी मंच है |

Facebook Comments