Saturday 7th of November 2026 10:16:25 AM

Breaking News
  •  4 नवम्बर को बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गोरखपुर आयेंगे |
  • कर्नाटक में दिवाली पर रात 8 बजे से 10 तक ही ग्रीन पटाखे जलाने का आदेश |
  • 200 करोड़ की वसूली केस में नोरा फतेही को दिल्ली कोर्ट का समन,6 नवम्बर को पेशी |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 29 Feb 2024 4:50 PM |   435 views

बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में गठित होंगे रोड सेफ्टी क्लब:डीएम

देवरिया- जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट कार्यकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में सड़क-सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
 
डीएम ने कहा कि इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 50 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए यातायात कानूनों का अनुपालन सख्ती से कराया जाए। बिना हेलमेट, सीटबेल्ट लगाए वाहन चालकों पर अनिवार्य रूप से जुर्माना लगाया जाए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर लगाम कसने के लिए रात्रिकालीन विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश डीएम ने दिए। उन्होंने बताया कि गोरखपुर-देवरिया-सलेमपुर मार्ग सड़क हादसों की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। वर्ष 2023 में जनपद में 424 दुर्घटनायें दर्ज हुई जिसमें 201 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। 
 
पुलिस उपाधीक्षक अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि जनवरी 2023 से दिसंबर 2023 की अवधि में कुल 65,311 चालान कर 9.36 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया और 572 वाहनों को जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि जनवरी 2024 में 2718 चालान किये गए जिसमें 46.61 लाख रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है और 129 वाहन सीज किये गए हैं।
 
जिलाधिकारी ने जनपद की सीमा में स्थित बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में अनिवार्य रूप से रोड सेफ्टी क्लब स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यातायात पुलिस को बस अड्डा, सुभाष चौक, भीखमपुर चौराहा, कोतवाली रोड, सब्जी मंडी और कसया ढाला में पीक टाइम ट्रैफिक की ड्रोन फोटोग्राफी कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे ट्रैफिक जाम लगने की वजहों साफ हो सकेगी, जिससे जाम से मुक्ति में सहायता मिलेगी।
 
जिलाधिकारी ने शादी के सीजन में कसया फ्लाईओवर के निकट लगने वाले जाम का भी संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि कसया रोड पर स्थित सभी मैरिज हॉल वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिस दिन बड़ी संख्या में शादियां हो उस दिन कसया रोड पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती रहेगी।
 
अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी आरके सिंह ने बताया कि ग्रामीण संपर्क मार्ग से राजमार्ग आने वाले दोपहिया वाहन चालक अकसर लापरवाहीवश दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं, जिस पर डीएम ने राजमार्ग से जुड़े वाले सभी ग्रामीण संपर्क मार्गों पर रंबल स्ट्रिप लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रंबल स्ट्रिप लगने से ओवर स्पीडिंग पर लगाम लगेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
 
जिलाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति(गुड सेमेरिटन) को सड़क सुरक्षा कोष से पांच हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। यह राशि सड़क सुरक्षा कोष से आवंटित की जाती है। उन्होंने जनपद के गुड सेमेरिटनों को सम्मानित करने का निर्देश एआरटीओ को दिया।डीएम ने नागरिकों से सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने की अपील की, जिससे उनकी जान बचाई जा सके।
 
उन्होंने बताया कि राजमार्ग पर सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता के लिए नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया का हेल्पलाइन नंबर 1033 या 108 नंबर डायल कर मदद पहुंचाई जा सकती है। जिलाधिकारी ने बताया कि 1033 नंबर डायल करते ही हाईवे पर एंबुलेंस, क्रेन और वेहिकल तीनों पहुंचते हैं और आवश्यकतानुसार घायल का सहयोग करते हैं।
 
बैठक में सीएमओ डॉ राजेश झा,एआरटीओ आशुतोष शुक्ला, बीएसए शालिनी श्रीवास्तव, डीसीओ धनीराम सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
Facebook Comments