Wednesday 21st of October 2026 06:39:23 AM

Breaking News
  •  अशोक विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं|
  • योगी सरकार देगी पुलिस कर्मियों को बड़ा तोहफा |
  • वाराणसी में 25 अक्टूबर को गंगा के ऊपर गरजेंगे लड़ाकू विमान , नमो घाट पर होगा एयर शो|
Facebook Comments
By : Kripa Shankar | Published Date : 14 Feb 2021 6:20 PM |   770 views

वाह रे वेलेंटाइन

एक दिन अपने बचपन के सहपाठी मित्र के पहुंचा तो देखा कि मेरा मित्र एक गिफ्ट पैकेट तैयार कर रहा था। मैंने पूछा कि”यह गिफ्ट पैकेट किसके लिए है? “वह मुस्कुराते हुए बोला कि “चौदह फरवरी अर्थात् वेलेंटाइन डे पर इसका सदुपयोग करूंगा। बचपन में यह वेलेंटाइन डे पता नहीं कहां छुपा था।जब मैं बूढ़ा हो गया तब अपने देश में यह शुरू हुआ है।
“तो अब बुढ़ापे में क्या करोगे ? “
” जो बचपन में नहीं कर सका। “
 ” अर्थात् “
 ” अर्थात् क्या ? अपने प्यार का इज़हार करूंगा।चौदह फरवरी को बच्चे बूढ़े और जवान सबको प्यार के इजहार करने की छूट है। अपने बचपन की दबी हुई तृष्णा को संतुष्ट करूंगा।
  ” मगर किसके सामने इज़हार करोगे ?”
उस दिन बहुत लोग वन विहार में पिकनिक मनाने जाते हैं। वहीं किसी के सामने गुलाब का फूल देकर प्यार का इजहार करते हुए यह गिफ्ट पैकेट भी दे दूंगा।
इतने में उनकी पत्नी चाय लेकर आ ग‌ईं और मैंने उनसे कहा कि ” सुन रही हैं न भाभी जी,यह मेरा मित्र क्या करने जा रहा है ?” उनकी पत्नी मुस्कुराती हुई बोली कि “हां भाई साहब,सब सुन और देख रही हूं। लेकिन मैं कर भी क्या सकती हूं।इनका कहना है कि उस दिन लड़का-लड़की दोनों को अपने प्यार के इजहार की छूट है ।
अपनी पत्नी की बात बीच में ही काटते हुए मेरा मित्र बोला कि” शादी तो एक से होती है मगर प्यार तो अनेक से और किसी उम्र में हो सकता है। अब तक प्यार नहीं किया तो अब कर लेंगे। धन्य है वेलेंटाइन डे।
धीरे धीरे दिन बीतता गया और चौदह फरवरी आ गया। मेरे मित्र ने वन विहार जाते समय मुझे भी साथ ले लिया। मैं भी वहां का नजारा देखने के लिए उसके साथ चल दिया। वहां पहुंच कर मेरे मित्र ने कहा कि “किसी हम‌उम्र महिला को ही यह फूल देना उचित रहेगा। तब तक एक प्रौढ़ महिला दिखाई पड़ ग‌ईं और मेरे मित्र ने उसे गुलाब का फूल देते हुए कहा कि “आई लव यू ।” उस महिला ने पलट कर जवाब दिया कि” अंधे हो, आंखें फूट गई हैं? दिखाई नहीं देता क्या? मैं चार बच्चों की मां हूं, बुढ़िया हूं। प्यार करना है तो किसी गुड़िया से करो मूर्ख।”
इतना सुनते ही मेरे मित्र ने एक हसीन लड़की को गुलाब का फूल व गिफ्ट देते हुए कहा कि” आई लव यू ।” उस लड़की ने मेरे मित्र को चप्पल से मारते हुए कहा कि “आई हेट यू बुड्ढे, तुम्हें शर्म नहीं आई लव यू कहते हुए।
इतना कह कर उसने फूल और गिफ्ट नोचते हुए फेंक दिया और चली गई। इतने में मेरे मित्र की पत्नी अचानक मेरे सामने आ गई और गुलाब का फूल मुझे देते हुए बोली कि”आई लव यू।”मेरे मुंह से अचानक निकल गया कि”वाह रे वेलेंटाइन “।
Facebook Comments