Wednesday 4th of November 2026 08:56:02 AM

Breaking News
  •  4 नवम्बर को बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गोरखपुर आयेंगे |
  • कर्नाटक में दिवाली पर रात 8 बजे से 10 तक ही ग्रीन पटाखे जलाने का आदेश |
  • 200 करोड़ की वसूली केस में नोरा फतेही को दिल्ली कोर्ट का समन,6 नवम्बर को पेशी |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 11 Jun 2020 4:21 PM |   756 views

लाकडाउन नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने में जिलाधिकारी ने माँगा धर्मगुरूओं का सहयोग

सुलतानपुर – कोविड-19 के संक्रमण के दृष्टिगत जिलाधिकारी सीo इन्दुमती एवं पुलिस अधीक्षक शिव हरी मीना ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समस्त धर्मों के धर्मगुरूओं के साथ बैठक कर कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु अपनाये जाने वाले उपायों को समुदाय एवं समाज में लागू करने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म का धार्मिक स्थान सबसे प्रमुख स्थान एवं धर्मगुरू सबसे आदरणीय तथा प्रभावी व्यक्ति होता है, जिसकी बातों को जनता दिल से स्वीकार करती है। 
 
जिलाधिकारी ने धर्मगुरूओं से अनुरोध किया कि महामारी के संक्रमण का खतरा अभी विद्यमान है, किन्तु यदि हमने अगले 15 दिनों तक सुरक्षा उपायों का सही अनुपालन कर लिया, तो सुरक्षित हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि हमें अपनी सुरक्षा स्वयं करनी होगी। साथ ही साथ मेरा अनुरोध है कि आप लोग धर्मग्रन्थों का उल्लेख करते हुए जनता से अपील करें कि सभी लोग अपने घरों में रहें; अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें; बहुत आवश्यक होने पर एक व्यक्ति ही मास्क लगाकर बाहर निकले; बच्चे, बूढ़े, गर्भवती महिला को बाहर न ले जायें; बाहर निकलने पर सामाजिक दूरी का अनुपालन करें; सार्वजनिक स्थानों पर न थूकें; धर्म स्थलों पर धार्मिक आयोजन न किये जायें; प्रसाद वितरण न करें; तिलक न लगायें, धार्मिक प्रतीक चिन्हों का स्पर्श न करें; 05 या 05 से अधिक व्यक्ति एक स्थान पर कदापि न एकत्र हों तथा धर्म स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से; सुरक्षा उपायों से सम्बन्धित आडियो प्रतिध्वनित करायें। 
 
  पुलिस अधीक्षक शिव हरी मीना ने धर्मगुरूओं से अपील की कि समाज को सुरक्षित रखना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसका अनुपालन स्वयं करते हुए जनता को पालन करने हेतु धर्मगुरूओं के माध्यम से की गयी अपील सबसे अधिक प्रभावी होगी। इससे पूर्व में भी धर्मगुरूओं का सहयोग मिलता रहा है और विश्वास है आगे भी सहयोग मिलता रहेगा। 
 
 इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर रामजी लाल, सीओ सिटी सतीश चन्द्र शुक्ला, सभी धर्मों के सम्मानित धर्मगुरू आदि उपस्थित रहे।  
Facebook Comments