नोएडा में ई-कॉमर्स ठगी का भंडाफोड़, 75 लाख का माल बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार
नोएडा के सेक्टर-20 थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो ई-कॉमर्स कंपनियों के महंगे सामान की चोरी कर उनकी जगह नकली या सस्ते उत्पाद रख देता था। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 75 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी डिलीवरी बॉय की मिलीभगत से फ्लिपकार्ट और अमेज़न के महंगे उत्पाद रास्ते में बदल देते थे। असली सामान को अवैध गोदाम में रखकर उसकी जगह नकली या कम कीमत वाला सामान भेज दिया जाता था।
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि गिरोह पहले महंगे उत्पादों की मांग का पता करता था और फिर उसी के अनुसार नकली सामान तैयार करता था। कई बार डिलीवरी में जानबूझकर देरी कर फर्जी सामान बदल दिया जाता था। चोरी का असली सामान बाद में कम कीमत पर बेच दिया जाता था। पुलिस दो फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
