Friday 28th of August 2026 09:44:20 PM

Breaking News
  • रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं|
  • अमित ठाकरे की कैब ड्राइवरों को चेतावनी ,कहा मराठी नहीं बोली तो होगी पिटाई |
  • नेपाल बाढ़ में मृतकों की संख्या 469 पहुचीं ,1400 से ज्यादा लोग लापता |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 9 Feb 2026 7:05 PM |   130 views

केवाईसी ही सुरक्षित बैंकिंग की पहली शर्त

कानपुर नगर-सुरक्षित बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को चौबेपुर स्थित बड़ौदा रोजगार विकास संस्थान में वित्तीय साक्षरता सप्ताह की शुरुआत की गई। भारतीय रिजर्व बैंक के तत्वावधान में अग्रणी जिला बैंक कार्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आयोजन में क्रिसिल फाउंडेशन (सीएफएल चौबेपुर) और बैंक ऑफ बड़ौदा की सक्रिय भागीदारी रही।
 
कार्यक्रम का उद्घाटन सहायक अग्रणी जिला प्रबंधक सृष्टिका तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि बदलते डिजिटल दौर में वित्तीय साक्षरता प्रत्येक नागरिक के लिए अनिवार्य हो चुकी है। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा इस वर्ष वित्तीय साक्षरता सप्ताह की थीम “केवाईसी–सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” रखी गई है। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को केवाईसी की आवश्यकता, मनी म्यूल से जुड़े जोखिम और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही बैंक खाते को जोखिम में डाल सकती है, इसलिए प्रत्येक ग्राहक को सतर्क रहना चाहिए।
 
क्रिसिल फाउंडेशन के प्रतिनिधि हेमंत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेन-देन, बचत, ऋण, बीमा और साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि वित्तीय जागरूकता से सुरक्षित और जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार की नींव मजबूत होती है।
 
कार्यक्रम में बड़ौदा रोजगार विकास संस्थान और क्रिसिल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने सप्ताह भर आयोजित होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रतिभागियों को अपने बैंक खातों का केवाईसी अद्यतन रखने और साइबर ठगी से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारी, विभिन्न संस्थानों के कर्मचारी और अन्य लोग उपस्थित रहे |
Facebook Comments