Thursday 22nd of October 2026 07:44:14 PM

Breaking News
  •  दुनिया के सबसे भीषण खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा बांग्लादेश-WHO|
  • जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा ,हथियार बनाने के उपकरण बरामद |
  • लखनऊ में पुलिकर्मियों को योगी सरकार की सौगात , भत्तों में बढ़ोत्तरी का ऐलान|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 18 Dec 2023 5:32 PM |   1036 views

तैयारी पूरी, कल से अग्निवीर बनने के लिए दौड़ लगाएंगे अभ्यर्थी

अमेठी। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र एवं सेना भर्ती कार्यालय अमेठी के निदेशक कर्नल सुनील कुमार मोर के नेतृत्व में सेना भर्ती कार्यालय अमेठी की ओर से डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम अमेठी में 19 दिसंबर 2023 से अग्निवीर सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है जिसको लेकर जिला प्रशासन व सेना के द्वारा समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं |

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन व प्रमुख मार्गो से रैली स्थल तक पहुंचाने के लिए संकेतांक बोर्ड लगाए गए हैं |

जिससे अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके साथ ही ठंड के दृष्टिगत अग्निवीर भर्ती में आए हुए अभ्यर्थियों के रुकने के लिए चार निशुल्क रैन बसेरे क्रमशः पंचायत घर जंगल रामनगर, प्राथमिक विद्यालय जंगल रामनगर, बारात घर आवास विकास कॉलोनी धम्मौर रोड, रैन बसेरा नगर पंचायत के बगल अमेठी में बनाए गए हैं|

जिसमें अलाव, गर्म पानी, बिस्तर सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेगीं, इसके साथ ही सेना द्वारा क्यूआर कोड जारी किया गया है जिसमें अभ्यर्थियों को अपने साथ लाने वाले दस्तावेजों के साथ ही रैली स्थल तक पहुंचने के लिए गूगल लिंक भी दिया गया है|

जिसे स्कैन कर अभ्यर्थी अग्निवीर भर्ती में अपने ट्रेड के अनुसार अपने साथ लाने वाले दस्तावेजों के साथ ही गूगल लिंक के माध्यम से भर्ती स्थल तक आसानी से पहुंच सकते हैं। इसके अतिरिक्त रैली स्थल पर जिला प्रशासन की ओर से दो मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की गई है पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं|

रैली अवधि के दौरान स्टेडियम परिसर में अभ्यर्थियों के अतिरिक्त किसी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतया: वर्जित रहेगा। रैली में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए जिला प्रशासन व सेना की ओर से समस्त तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं।

सेना भर्ती कार्यालय अमेठी के निदेशक कर्नल एक0के0 मोर ने बताया कि अग्निवीर सेना भर्ती रैली को लेकर सेना की ओर से समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 19 से 29 दिसंबर 2023 तक आयोजित इस रैली में उत्तर प्रदेश के 13 जिलों क्रमशः अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, बस्ती, कौशांबी, कुशीनगर, महाराजगंज, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, संत कबीर नगर, सुल्तानपुर और सिद्धार्थनगर के अभ्यर्थी भाग लेंगे|

उन्होंने बताया की रैली में लगभग प्रतिदिन 1000 अभ्यर्थी भाग लेंगे, जिन्होंने अप्रैल 2023 में आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम उत्तीर्ण किया है यह भर्ती रैली अग्निवीर जीडी, अग्निवीर क्लर्क, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं और दसवीं कक्षा पास) ट्रेड के लिए आयोजित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सेना भर्ती रैली पूर्णतया निष्पक्ष और पारदर्शी है इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वह सतर्क रहें और दलालों का शिकार ना बने या किसी अनुचित साधन का सहारा ना लें और अभ्यर्थी भर्ती रैली के दौरान अपने प्रवेश पत्र में उल्लिखित प्रासंगिक दस्तावेज साथ में अवश्य लेकर आए।

Facebook Comments