गोरखपुर में बनेगा प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय
गोरखपुर में प्रदेश का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को कैंपियरगंज के भारीवैसी में इसकी आधारशिला रखेंगे। करीब 50 हेक्टेयर जमीन पर बनने वाले इस विश्वविद्यालय पर 491 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह प्रदेश का पहला और देश का दूसरा वानिकी विश्वविद्यालय होगा।इस विश्वविद्यालय में वानिकी, बागवानी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन की पढ़ाई होगी। यहां बीएससी, एमएससी, पीएचडी और डिप्लोमा के कोर्स शुरू किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक भवन, केंद्रीय पुस्तकालय, सभागार और छात्रावास बनाए जाएंगे। छात्रावास में 895 विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा 401 आवासीय इकाइयां भी बनाई जाएंगी।इस मौके पर मुख्यमंत्री 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। इनमें 621.05 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
