Friday 23rd of October 2026 04:10:21 AM

Breaking News
  •  दुनिया के सबसे भीषण खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा बांग्लादेश-WHO|
  • जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा ,हथियार बनाने के उपकरण बरामद |
  • लखनऊ में पुलिकर्मियों को योगी सरकार की सौगात , भत्तों में बढ़ोत्तरी का ऐलान|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 1 Apr 2025 6:09 PM |   629 views

स्कूल चलो अभियान” का हुआ भव्य शुभारंभ

देवरिया-शिक्षा को सभी तक पहुँचाने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ विकास भवन, देवरिया में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी रहे।
 
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एवं मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय उपस्थित रहे।
 
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया, जबकि बेसिक शिक्षा परिषद की अध्यापिका तूलिका चतुर्वेदी ने स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया।
 
मुख्य अतिथि डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना हम सभी का लक्ष्य है। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सरकार पूरी तरह कृतसंकल्पित है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सुधारों की सराहना की और कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सभी बच्चे विद्यालयों से जुड़ें।
 
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता और कठिन परिश्रम से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने शिक्षकों से भी अपने कर्तव्यों का समुचित निर्वहन कर एक शिक्षित समाज की नींव रखने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रों से संवाद किया और उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का टेलीविजन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया, जिससे उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रेरणा मिली। उन्होंने ‘स्कूल चलो अभियान’ को उत्तर प्रदेश सरकार की एक प्रमुख पहल बताया, जिसका उद्देश्य 6-14 वर्ष की आयु के सभी बच्चों को अनिवार्य एवं निःशुल्क शिक्षा से जोड़ना है।
 
इस अभियान के तहत घर-घर संपर्क, प्रेरक रैलियाँ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि प्रत्येक बच्चे को स्कूल में प्रवेश दिलाया जा सके। सरकार का मुख्य लक्ष्य ड्रॉपआउट दर को कम करना और शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाना है। सरकार के प्रयासों से प्राथमिक शिक्षा में सुधार आया है, जिससे प्रत्येक छात्र को समय पर पाठ्यपुस्तकें, कॉपियाँ, यूनिफॉर्म, जूते, स्वेटर आदि उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
 
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दिव्यांग बच्चों को आवश्यक उपकरण वितरित किए गए।
 
इसके पश्चात मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय ने छात्रों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही समस्त ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में तथा विभिन्न विद्यालयों में छात्रों ने सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैलियाँ निकालीं।
 
कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ल ने किया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्र, जिला समन्वयक एमआईएस अंकित मिश्र, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशि सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी रतन कुमार, जिला समन्वयक सामुदायिक शिक्षा डॉ. आलोक पांडे, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा ज्ञानेंद्र सिंह समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Facebook Comments