Wednesday 21st of October 2026 11:12:57 PM

Breaking News
  •  दुनिया के सबसे भीषण खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा बांग्लादेश-WHO|
  • जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा ,हथियार बनाने के उपकरण बरामद |
  • लखनऊ में पुलिकर्मियों को योगी सरकार की सौगात , भत्तों में बढ़ोत्तरी का ऐलान|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 21 Apr 2024 5:24 PM |   430 views

आप नेता आतिशी तिहाड़ जेल के बाहर इंसुलिन लेकर पहुंची

जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लेकर आम आदमी पार्टी और केंद्र सरकार के बीच गहमागहमी तेज हो गई है| केजरीवाल को इंसुलिन न दिए जाने को लेकर पार्टी के नेता लगातार केंद्र सरकार और तिहाड़ जेल प्रशासन पर हमला बोल रहे हैं| इस बीच तिहाड़ जेल प्रशासन का बड़ा बयान सामने आया है| प्रशासन का कहना है कि बीते दिन शनिवार को केजरीवाल की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एम्स के वरिष्ठ विशेषज्ञों से बात कराई थी| इस दौरान न तो केजरीवाल ने इंसुलिन का मुद्दा उठाया और न ही डॉक्टरों ने इंसुलिन का सुझाव दिया|

जेल प्रशासन के मुताबिक एम्स के वरिष्ठ विशेषज्ञों ने केजरीवाल को आश्वस्त किया कि कोई गंभीर समस्या नहीं है. विशेषज्ञों ने उन्हें निर्धारित दवाएं जारी रखने की सलाह दी जिनका नियमित तौर पर मूल्यांकन और समीक्षा की जाएगी. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान एम्स के वरिष्ठ विशेषज्ञ के अलावा, आरएमओ तिहाड़ और एमओ तिहाड़ मौजूद थे| एम्स के वरिष्ठ विशेषज्ञ ने सीजीएम (ग्लूकोज मॉनिटरिंग सेंसर) का पूरा रिकॉर्ड और केजरीवाल द्वारा ली जा रही डाइट और दवाओं का विवरण मांगा|

वहीं केजरीवाल को जेल में इंसुलिन न दिए जाने को लेकर दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता आतिशी तिहाड़ जेल के बाहर इंसुलिन लेकर पहुंची हैं| आतिशी का कहना है कि वो तिहाड़ जेल प्रशासन को इंसुलिन की डोज सौंपना चाहती हैं. इस मौके पर आम नेताओं के साथ ही पार्टी के समर्थक भी तिहाड़ जेल के बाहर इकट्ठा हो गए| सभी लोग केजरीवाल को इंसुलिन देने की मांग करने लगे| TV9 भारतवर्ष से खास बातचीत करते हुए मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल 22 साल से शुगर के मरीज हैं और वो पिछले 12 साल से इंसुलिन ले रहे हैं| उन्होंने कहा कि कोई डॉक्टर ही नहीं कहेगा कि 300 के शुगर लेवल वाला मरीज इंसुलिन नहीं लेगा|

बीजेपी पर निशाना साधते हुए मंत्री आतिशी ने कहा कि बीजेपी को सीएम अरविंद केजरीवाल से नफरत है लेकिन क्या वो उनकी अब जान लेंगे| उन्होंने कहा कि इतने शुगर लेवल पर मल्टीप्ल ऑर्गन फेलियर होता है| मंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने केजरीवाल के लिए इंसुलिन भेजी है इसलिए सभी लोग तिहाड़ में उन्हें इंसुलिन देने आए हैं|

तिहाड़ जेल प्रशासन पर हमला बोलते हुए आतिशी ने कहा कि अगर तिहाड़ जेल प्रशासन के पास सीएम केजरीवाल को देने के लिए इंसुलिन नहीं है तो ये इंसुलिन उनको दे दी जाए| लेकिन उनकी जान के साथ खिलवाड़ ना किया जाए| उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मांग है कि अरविंद केजरीवाल को तुरंत इंसुलिन दी जाए और विशेषज्ञ उपलब्ध कराए जाएं| मंत्री ने ये भी कहा कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो प्रदर्शन जारी रहेगी|

Facebook Comments