Friday 23rd of October 2026 02:00:19 AM

Breaking News
  •  दुनिया के सबसे भीषण खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा बांग्लादेश-WHO|
  • जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा ,हथियार बनाने के उपकरण बरामद |
  • लखनऊ में पुलिकर्मियों को योगी सरकार की सौगात , भत्तों में बढ़ोत्तरी का ऐलान|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 24 Sep 2023 4:31 PM |   594 views

नौ वंदे भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, 11 राज्यों में बढ़ेगी कनेक्टिविटी

देश को नौ नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 सितंबर को नौ नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई है। इन वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद सभी 11 राज्यों में यात्रा में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा। देश के इन 11 राज्यों में रेलवे कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुल नौ वंदे भारत ट्रेनों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाई है।

बता दें कि देशभर के कई रूटों पर वंदे भारत ट्रेन में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। इसी बीच जिन नौ ट्रेनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रवाना किया है उनके शुरू होने के बाद से भारत में ट्रेनों का बेड़ा अधिक बड़ा होने वाला है।

जानकारी के लिए बता दें कि नौ वंदे भारत ट्रेनों को 11 राज्यों से चलाया जाएगा जिसमें राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, उड़ीसा, झारखंड और गुजरात शामिल है। ये सभी वंदे भारत ट्रेनें 11 राज्यों के धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ेंगी।

प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इन रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाई। नयी वंदे भारत रेलगाड़ियां उदयपुर-जयपुर, तिरुनेलवेली-मदुरै-चेन्नई, हैदराबाद-बेंगलुरु, विजयवाड़ा-चेन्नई, पटना-हावड़ा, कासरगोड-तिरुवनंतपुरम, राउरकेला-भुवनेश्वर-पुरी, रांची-हावड़ा और जामनगर-अहमदाबाद के बीच चलेंगी। राउरकेला-भुवनेश्‍वर-पुरी वंदे भारत एक्‍सप्रेस और तिरुनेलवेल्‍ली-मदुरै-चेन्‍नई वंदे भारत एक्‍सप्रेस से पुरी और मदुरै जैसे महत्‍वपूर्ण धार्मिक स्‍थलों के बीच संपर्क सुविधा बढ़ेगी। 

विजयवाड़ा-चेन्‍नई वंदे भारत एक्‍सप्रेस रेनीगुंटा के रास्‍ते संचालित होगी और तिरुपति धार्मिक स्‍थल तक संपर्क उपलब्ध कराएगी। इससे पहले एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि ये ट्रेन देश भर में कनेक्टिविटी में सुधार और रेल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक कदम हैं। बयान में कहा गया, ‘‘वंदे भारत ट्रेन अपने संचालन के मार्गों पर सबसे तेज गति वाली ट्रेन होंगी और इससे यात्रियों का काफी समय बच सकेगा।

इसके मुताबिक, राउरकेला-भुवनेश्वर-पुरी और कासरगोड-तिरुवनंतपुरम मार्ग पर वर्तमान की सबसे तेज ट्रेन की तुलना में, वंदे भारत ट्रेन से संबंधित गंतव्यों के बीच यात्रा के समय में लगभग तीन घंटे कम हो जाएंगे। इसी तरह, हैदराबाद-बेंगलुरु के मार्ग पर ढाई घंटे से अधिक जबकि तिरुनेलवेली-मदुरै-चेन्नई मार्ग पर सफर में दो घंटे से अधिक समय बचेगा। 

वंदे भारत ट्रेन के जरिये रांची-हावड़ा, पटना-हावड़ा और जामनगर-अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय इन गंतव्यों के बीच वर्तमान में उपलब्ध सबसे तेज ट्रेन की तुलना में लगभग एक घंटे कम हो जाएगा। इसी तरह, वंदे भारत से उदयपुर-जयपुर के बीच यात्रा का समय करीब आधा घंटा कम हो जाएगा।

Facebook Comments