Wednesday 21st of October 2026 11:16:46 AM

Breaking News
  •  अशोक विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं|
  • योगी सरकार देगी पुलिस कर्मियों को बड़ा तोहफा |
  • वाराणसी में 25 अक्टूबर को गंगा के ऊपर गरजेंगे लड़ाकू विमान , नमो घाट पर होगा एयर शो|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 23 Jun 2021 4:37 PM |   696 views

भारत में कोविड-19 के मामले तीन करोड़ के पार

नयी दिल्ली-भारत में 50 दिनों में कोरोना वायरस के एक करोड़ मामले आने के साथ ही महामारी के मामलों की संख्या अब तीन करोड़ के आंकड़े को पार कर गयी है। एक दिन में 50,848 नए मरीजों का पता चलने से संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 3,00,28,709 पर पहुंच गयी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बुधवार को जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 1,358 लोगों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 3,90,660 हो गयी है।

भारत में कोविड-19 के मामले 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे और उन्हें चार मई को दो करोड़ का आंकड़ा पार करने में करीब 136 दिन लगे।

सुबह सात बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में 54.24 लाख कोविड-19 रोधी टीके लगने के साथ ही अब तक टीकों की कुल 29.46 करोड़ खुराक लगायी जा चुकी है।

अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 6,43,194 पर पहुंच गयी है जो संक्रमण के कुल मामलों का 2.14 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले मरीजों की राष्ट्रीय दर 96.56 प्रतिशत पर पहुंच गयी है। पिछले 24 घंटों में 19,327 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं।

मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार को कोविड-19 के लिए 19,01,056 नमूनों की जांच की गई और इसी के साथ ही देश में अब तक 39,59,73,198 नमूनों की जांच की जा चुकी है। संक्रमण की दैनिक दर 2.67 प्रतिशत दर्ज की गई है। लगातार 16वें दिन संक्रमण दर पांच प्रतिशत से कम बनी हुई है। साप्ताहिक संक्रमण दर गिरकर 3.12 प्रतिशत पहुंच गयी है।

देश में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या लगातार 41वें दिन संक्रमण के रोज आने वाले नए मामलों से अधिक है। इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,89,94,855 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.30 प्रतिशत है।

भारत में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार और चार मई को दो करोड़ के पार चले गए थे।

आंकड़ों के अनुसार, जिन 1,358 और लोगों ने इस महामारी से जान गंवा दी उनमें से 482 लोगों की मौत महाराष्ट्र में, 194 की तमिलनाडु, 141 की केरल और 139 लोगों की मौत कर्नाटक में हुई।

अब तक संक्रमण से 3,90,660 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से सबसे अधिक 1,18,795 लोगों की मौत महाराष्ट्र में, 34,164 की कर्नाटक में, 31,580 की तमिलनाडु में, 24,933 की दिल्ली में, 22,282 की उत्तर प्रदेश में, 17,437 की पश्चिम बंगाल में, 15,888 की पंजाब में और 13,402 लोगों की मौत छत्तीसगढ़ में हुई।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

(भाषा) 

Facebook Comments