Thursday 22nd of October 2026 02:35:47 AM

Breaking News
  •  दुनिया के सबसे भीषण खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा बांग्लादेश-WHO|
  • जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा ,हथियार बनाने के उपकरण बरामद |
  • लखनऊ में पुलिकर्मियों को योगी सरकार की सौगात , भत्तों में बढ़ोत्तरी का ऐलान|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 6 Jan 2022 4:44 PM |   1073 views

देश में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के एक दिन में सर्वाधिक 495 नए मामले

नयी दिल्ली- भारत में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ के एक दिन में सर्वाधिक 495 नए मामले सामने आए, जिससे इस स्वरूप से संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 2,630 हो गयी है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकडों में यह जानकारी दी गयी।

ओमीक्रोन स्वरूप के कुल मामलों में से महाराष्ट्र में सबसे अधिक 797 मामले सामने आए, इसके बाद दिल्ली में 465, राजस्थान में 236, केरल में 234, कर्नाटक में 226, गुजरात में 204 और तमिलनाडु में 121 मामले सामने आए।

मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार भारत में एक दिन में कोविड-19 के 90,928 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,51,09,286 हो गई है। करीब दो सौ दिन बाद सामने आए ये सर्वाधिक मामले हैं।

इससे पहले, पिछले वर्ष 10 जून को संक्रमण के 91,702 मामले सामने आए थे।

मंत्रालय ने बताया कि देश में 325 और संक्रमितों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,82,876 हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या 2,85,401 हो गयी है,जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.81 प्रतिशत है। उपचाराधीन मरीजों की संख्या में एक दिन में 71,397 की वृद्धि हुई है।

मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 से ठीक होने की राष्ट्रीय दर घटकर 97.81 प्रतिशत हो गयी है। दैनिक संक्रमण दर 6.43 प्रतिशत वहीं साप्ताहिक संक्रमण दर 3.47 प्रतिशत है।

संक्रमणमुक्त हुए लोगों की संख्या बढ़कर 3,43,41,009 हो गयी है। देश में अभी तक संक्रमण रोधी टीके की 148.67 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के जो 325 नए मामले सामने आए हैं, उनमें से 258 मामले केरल से और 17 मामले पश्चिम बंगाल से हैं।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक कुल 4,82,876 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,41,581 लोग ,केरल के 48,895 लोग, कर्नाटक के 38,357 लोग, तमिलनाडु के 36,814 लोग , दिल्ली के 25,121 लोग , उत्तर प्रदेश के 22,916 लोग और पश्चिम बंगाल के 19,827 लोग थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

(भाषा)

Facebook Comments