Saturday 5th of September 2026 09:28:58 PM

Breaking News
  • सर्वोच्च न्यायालय ने नीट पेपर लीक विरोधी प्रदर्शनों की FIR रद्द करने का आदेश दिया |
  • गोरखपुर में 2027 में बड़ी जीत के लिए बीजेपी ने शुरू की तैयारी|
  • चंदौली में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के पार |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 1 Sep 2021 5:38 PM |   638 views

रसोई गैस की कीमत में 25 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी

नयी दिल्ली- सब्सिडी वाली रसोई गैस सहित सभी श्रेणियों में एलपीजी (तरलीकृत पेट्रोलियम गैस) सिलेंडर की कीमतों में बुधवार को 25 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई। दो महीनों से भी कम समय में दरों में तीसरी बार बढ़ोतरी की गई है।

तेल कंपनियों द्वारा जारी मूल्य अधिसूचना के अनुसार सब्सिडी वाले और बिना सब्सिडी वाले एलपीजी की कीमत अब दिल्ली में 884.50 रुपये प्रति सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) है।

इससे पहले एक जुलाई को सब्सिडी वाले और बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस की दरों में 25.50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी।

अगस्त में एक तारीख और 18 तारीख को बिना सब्सिडी वाली रसोई गैस की कीमतों में हर बार 25 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि हुई थी।

उद्योग सूत्रों ने कहा कि सब्सिडी वाले एलपीजी की कीमत एक अगस्त को नहीं बढ़ाई गई थी, क्योंकि उस समय संसद का सत्र चल रहा था और बढ़ोतरी होने पर विपक्ष सरकार पर हमला कर सकता था।

ताजा वृद्धि के बाद सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत एक जनवरी से कुल 190 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ चुकी है। मासिक मूल्य वृद्धि ने सब्सिडी को खत्म कर दिया है।

कुछ दूर-दराज के क्षेत्रों को छोड़कर प्रमुख शहरों में सब्सिडी वाले और बिना सब्सिडी वाले एलपीजी की कीमत लगभग बराबर है।

घरेलू रसोई गैस की कीमत पिछले सात वर्षों में दोगुनी से अधिक हो गई है। एक मार्च 2014 को घरेलू गैस का खुदरा बिक्री मूल्य 410.5 रुपये प्रति सिलेंडर था।

वाणिज्यिक सिलेंडर (19 किलो) की कीमत में भी 75 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, और दिल्ली में इसकी कीमत अब 1,693 रुपये होगी।

दूसरी ओर पेट्रोल की कीमत में 10 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 14 पैसे प्रति लीटर की कटौती की गई। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब 101.34 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 88.77 रुपये प्रति लीटर है।

( भाषा )

Facebook Comments