Sunday 1st of November 2026 09:43:19 PM

Breaking News
  •  कांग्रेस के पतन की वजह बनेगी महारैली,जे पी नड्डा का राहुल गाँधी पर तीखा वार |
  • आंध्रप्रदेश की ओर बढ़ रहा cyclon murasu , 3 नवम्बर को तट से टकराने की आशंका|
  • राहुल गाँधी का चुनाव आयोग पर हमला ,मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को जेल भेजेंगे |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 1 Nov 2026 7:28 PM |   18 views

उद्यान विभाग द्वारा किसानों को अनुदानित दर पर उपलब्ध कराया जा रहा आलू एवं रबी की सब्जियों का बीज

देवरिया- उद्यान विभाग द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत संचालित कार्यक्रमों के साथ-साथ किसानों को उच्च गुणवत्ता वाला आलू बीज एवं रबी मौसम की साग-भाजी फसलों के बीज उचित अनुदानित दर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आलू के गुणवत्तापूर्ण उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभाग द्वारा आधारित प्रथम श्रेणी के कुफरी सिंदूरी एवं कुफरी संगम प्रजाति का 120 कुंतल बीज किसानों को नकद मूल्य पर वितरण के लिए उपलब्ध कराया गया है।
 
शासन द्वारा आलू बीज की दरों पर 1,000 रुपये प्रति कुंतल का अनुदान दिया जा रहा है। इसके तहत आधारित प्रथम श्रेणी के बीज की दर 2,630 रुपये प्रति कुंतल तथा आधारित प्रथम ओवरसाइज बीज की दर 2,040 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित की गई है।
 
जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्त ने बताया कि कुफरी सिंदूरी (लाल) एवं कुफरी संगम (सफेद) प्रजाति का आलू बीज राजकीय पौधशाला, भुजौली कॉलोनी से किसानों को विक्रय किया जा रहा है।
 
उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि अर्णब तूफान के प्रभाव से हुई बारिश को देखते हुए आलू के बीज को खोलकर छायादार एवं हवादार स्थान पर अंकुरण के लिए रखें। मौसम साफ होने के बाद खेत तैयार कर बीज का शोधन करने के उपरांत बुवाई का कार्य पूरा करें। उन्होंने किसानों से गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के बाद बीज को अगले वर्ष आधारित द्वितीय श्रेणी के बीज के रूप में उपयोग करने की भी सलाह दी।
 
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जनपद में रबी मौसम की साग-भाजी फसलों के अंतर्गत सब्जी मटर की पांच प्रजातियों के बीज अनुदानित दर पर उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त मेथी, मूली, धनिया, पालक एवं राजमा के बीज भी विभाग द्वारा अनुदानित दर पर नकद मूल्य लेकर विक्रय किए जा रहे हैं। ये सभी बीज आधारित एवं प्रमाणित श्रेणी के हैं, जिनकी कीमत 85 से 325 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच निर्धारित है।
 
किसानों को गुणवत्तापूर्ण सब्जी बीज उचित दर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा लगभग 1,000 किलोग्राम बीज का वितरण किया जा रहा है। इससे किसान कम लागत में अपनी छोटी जोत में भी सब्जी मटर एवं अन्य मौसमी सब्जियों की खेती कर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।
 
बीज प्राप्त करने एवं उद्यान विभाग की अन्य योजनाओं से संबंधित जानकारी तथा पंजीकरण के लिए उद्यान निरीक्षक रणजीत यादव के मोबाइल नंबर 9918343346 पर संपर्क किया जा सकता है।
Facebook Comments