डॉ. राकेश श्रीवास्तव को लखनऊ में मिला रवि नागर स्मृति मंजुश्री सम्मान
गोरखपुर- लोक कला एवं संस्कृति तथा भोजपुरी भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहे लोक कला साधक एवं लोक गायक डॉ. राकेश श्रीवास्तव को बुधवार को लखनऊ स्थित अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध प्रतिष्ठान में सुप्रसिद्ध संगीतकार स्व. रवि नागर स्मृति मंजुश्री सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक की धर्मपत्नी एवं समाजसेवी श्रीमती नम्रता पाठक ने प्रदान किया।इस अवसर पर मंजुश्री संस्था के प्रमुख शैलेश श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने अपनी माता एवं प्रख्यात लोकगायिका स्व. मैनावती देवी की लोकगायन परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भोजपुरी के श्लील लोकगायन को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पारंपरिक लोकगीतों एवं लोक संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। वे लंबे समय से लोक कला, संस्कृति और भोजपुरी भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ अमेरिका और मॉरिशस में भी लोक कला एवं भोजपुरी संस्कृति के प्रचार-प्रसार में डॉ. राकेश श्रीवास्तव का उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनके इसी सांस्कृतिक योगदान के लिए उन्हें स्व. रवि नागर स्मृति मंजुश्री सम्मान प्रदान किया जाता है ।
सम्मान समारोह के दौरान डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने मंजुश्री संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ लोक कला, भोजपुरी भाषा और अपनी मातृभाषा की सेवा के प्रति नई ऊर्जा और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
इस अवसर पर प्रख्यात संगीतकार केवल कुमार, साहित्यकार अजय मिश्रा, ग़ज़ल गायक मिथिलेश लखनवी, दूरदर्शन की कार्यक्रम अधिकारी नलिनी श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कला एवं साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
Facebook Comments
