गाजियाबाद में लापता डॉक्टर का कार में मिला शव
गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र से एक दिन पहले लापता हुए 30 वर्षीय डॉक्टर शिवम कार्तिकेय का शव मुरादनगर क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर खड़ी कार से बरामद हुआ है। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि एक्सप्रेसवे पर एक ब्रेजा कार काफी देर से खड़ी है और उसमें एक व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है। सूचना पर मुरादनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान राजनगर एक्सटेंशन की वीवीआईपी मंगल सोसाइटी निवासी डॉ. शिवम कार्तिकेय के रूप में हुई है। परिजनों ने 29 सितंबर को नंदग्राम थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, कार से कुछ इंजेक्शन और दवाइयां मिली हैं। प्रथमदृष्टया डॉक्टर के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस इंजेक्शन और दवाइयों को जांच के दायरे में लेकर मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार, मौत की वजह ओवरडोज होने की आशंका है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। पुलिस परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है।
