25 सितंबर से शुरू होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, अमित शाह करेंगे उद्घाटन
गौतम बुद्ध नगर में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपोमार्ट में आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार 25 सितंबर को केंद्रीय गृहमंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे।
एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि ट्रेड शो प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों और निर्यातकों को अपने उत्पाद देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने का अवसर देगा। इसमें देश-विदेश के खरीदार, निवेशक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।इस बार ऑस्ट्रेलिया, बेलारूस, जापान, रूस, सिंगापुर और वियतनाम शो पार्टनर के रूप में शामिल होंगे। ट्रेड शो का मुख्य आकर्षण ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ रहेगा। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना और एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करना है|
कार्यक्रम का समापन 29 सितंबर को होगा, जिसमें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार, ट्रेड शो के जरिए उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में नई पहचान और नए कारोबारी अवसर मिलने की उम्मीद है।
