Thursday 22nd of October 2026 05:51:07 PM

Breaking News
  •  दुनिया के सबसे भीषण खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा बांग्लादेश-WHO|
  • जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा ,हथियार बनाने के उपकरण बरामद |
  • लखनऊ में पुलिकर्मियों को योगी सरकार की सौगात , भत्तों में बढ़ोत्तरी का ऐलान|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 28 Jan 2020 6:59 PM |   3216 views

न्यूजीलैंड में पहली टी20 श्रृंखला जीतने के लिये उतरेगा भारत

हैमिल्टन-  अभी तक खेल के हर विभाग में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाला भारत बुधवार को यहां होने वाले तीसरे मैच में न्यूजीलैंड में पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला जीतने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगा। भारत ने आकलैंड में पहले दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में क्रमश: छह और सात विकेट से जीत दर्ज की और वह पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 से आगे है।

सेडन पार्क में लगातार तीसरे मैच में जीत से भारतीय टीम न्यूजीलैंड की धरती पर पहली बार टी20 श्रृंखला जीतने में सफल रहेगी। इससे पहले दो अवसरों पर वह यह उपलब्धि हासिल करने में नाकाम रही थी। भारत 2008.09 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में 0-2 से जबकि पिछले साल 1-2 से श्रृंखला हार गया था। भारत की यह टीम अभी बेहतरीन फार्म में है और 2019 वनडे विश्व कप के बाद उसने जो पांच टी20 श्रृंखलाएं खेली हैं उनमें उसने शानदार प्रदर्शन किया है। इनमें वर्तमान श्रृंखला भी शामिल है। इस बीच उसने केवल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला नहीं जीती। यह श्रृंखला 1-1 से बराबर छूटी थी जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
टी20 क्रिकेट में अच्छी फार्म में होने के बावजूद आईसीसी रैकिंग में उसकी स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया। भारत अभी टी20 रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है और उसे चौथे स्थान पर पहुंचने के लिये वर्तमान श्रृंखला 5-0 से जीतनी होगी।

न्यूजीलैंड अभी छठे स्थान पर है जबकि पाकिस्तान, आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका रैंकिंग तालिका में भारत से आगे हैं।  सभी की निगाह अभी आस्ट्रेलिया में इस साल के आखिर में होने वाला टी20 विश्व कप है लेकिन टीम प्रबंधन को विश्वास है कि इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट से पहले सही समय पर सारी चीजें ढर्रे पर आ रही है। केएल राहुल और श्रेयस अय्यर के विशेषकर इस दौरे में प्रदर्शन से इन चीजों को बल मिला है।

इसे देखते हुए तीसरे मैच के लिये भारतीय टीम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मंगलवार को वैकल्पिक अभ्यास का दिन था तथा कप्तान विराट कोहली, केएल राहुल, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने इसमें भाग नहीं लिया। टीम प्रबंधन उन खिलाड़ियों के साथ काम कर रहा है जिन्हें श्रृंखला में अभी तक खेलने का मौका नहीं मिला है। रवि शास्त्री ने वाशिंगटन सुंदर पर ध्यान दिया जबकि बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के साथ व्यस्त थे। इन दोनों को हालांकि बुधवार को भी मौका मिलने की संभावना नहीं है।
कुलदीप यादव पहले दो मैचों में नहीं खेले थे और ऐसा मैदान छोटा होने के कारण किया गया था। छोटे मैदान पर बल्लेबाज उन्हें आसानी से निशाना बन सकते थे। चहल ने इस बीच बहुत अच्छी गेंदबाजी की। अब मैच बड़े मैदानों पर खेले जाएंगे और देखना होगा कि कुलदीप की वापसी होती या नहीं है। वैसे चहल और यादव की एक साथ खेलने की संभावना कम है। जहां तक न्यूजीलैंड का सवाल है तो कोलिन डि ग्रैंडहोम के पास प्रभाव छोड़ने का यह आखिरी मौका होगा। अंतिम दो टी20 के लिये बल्लेबाज टॉम ब्रूस इस आलराउंडर की जगह लेंगे। ग्रैंडहोम इस श्रृंखला में बल्लेबाज के तौर पर खेले लेकिन उन्होंने शून्य और तीन रन बनाये।
भारत के पहले दो मैचों में सफलतापूर्वक लक्ष्य हासिल करने के बावजूद न्यूजीलैंड गेंदबाजों के प्रदर्शन से चिंतित नहीं है। उसकी सबसे बड़ी चिंता भारतीय गेंदबाजों विशेषकर जसप्रीत बुमराह से निबटना है। दोनों मैचों में उसके बल्लेबाज बुमराह की गेंदों को समझने में नाकाम रहे थे। न्यूजीलैंड का वैसे सेडन पार्क में रिकार्ड अच्छा रहा है। यहां अभी तक उसने जो नौ टी20 खेले हैं उनमें से सात में उसने जीत दर्ज की। वह भारत को अजेय बढ़त हासिल करने से रोकने की कोशिश करेगा।

टीमें इस प्रकार हैं – भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर), मनीष पांडे, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, नवदीप सैनी, वाशिंगटन सुंदर।

न्यूजीलैंड: केन विलियमसन (कप्तान), मार्टिन गुप्टिल, रॉस टेलर, स्कॉट कुगलेइजन, कॉलिन मुनरो, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, टॉम ब्रूस, डेरिल मिशेल, मिशेल सेंटनर, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), हैमिश बेनेट, ईश सोढ़ी, टिम साउथी, ब्लेयर टिकनर।

Facebook Comments