समाज के सभी वर्गों की समान भागीदारी सुनिश्चित हो-मोतीलाल
ग्वालियर। राष्ट्रीय समानता दल मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस समारोह रविवार को ग्वालियर स्थित बाल भवन ऑडिटोरियम में उत्साह और संकल्प के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय समानता दल मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर महेश कुशवाहा ने की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष मोतीलाल शास्त्री रहे। विशिष्ट अतिथियों में संसदीय बोर्ड अध्यक्ष गोपाल सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय मुख्य महासचिव अगम स्वरूप कुशवाहा तथा राष्ट्रीय महासचिव रामसहाय फौजी उपस्थित रहे।
समारोह में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा और आगामी राजनीतिक दिशा पर मंथन किया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय समानता दल केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन का आंदोलन है, जो पिछले 25 वर्षों से देश में आर्थिक प्रजातंत्र और सामाजिक न्याय आधारित सरकार की स्थापना के लिए संघर्ष कर रहा है।राष्ट्रीय अध्यक्ष मोतीलाल शास्त्री ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था तभी मजबूत होगी, जब सत्ता और शासन व्यवस्था में समाज के सभी वर्गों की समान भागीदारी सुनिश्चित होगी। राष्ट्रीय समानता दल पिछले 25 वर्षों से व्यवस्था परिवर्तन के लक्ष्य को लेकर संघर्ष कर रहा है। आर्थिक प्रजातंत्र का अर्थ है कि देश की आर्थिक व्यवस्था में भी आम नागरिक की भागीदारी और उसके अधिकार सुनिश्चित हों। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
संसदीय बोर्ड अध्यक्ष गोपाल सिंह कुशवाहा ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव और सरकार बनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। लोकतंत्र का वास्तविक उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सम्मान, समान अवसर और न्याय दिलाना है। सामाजिक न्याय के बिना लोकतंत्र अधूरा है। पार्टी व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन के लिए राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर निरंतर संघर्ष करेगी।
राष्ट्रीय मुख्य महासचिव अगम स्वरूप कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय समानता दल का 25 वर्षों का सफर संघर्ष, विचार और संगठन निर्माण का सफर है। पार्टी का लक्ष्य सत्ता प्राप्त करना मात्र नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था का निर्माण करना है जिसमें सामाजिक न्याय, आर्थिक समानता और संवैधानिक मूल्यों को प्राथमिकता मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ और गांव स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।राष्ट्रीय महासचिव रामसहाय फौजी ने कहा कि राष्ट्रीय समानता दल को एक आंदोलन के रूप में समझना होगा। पिछले 25 वर्षों से संगठन व्यवस्था परिवर्तन, आर्थिक प्रजातंत्र और सामाजिक न्याय की सरकार की स्थापना के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि आंदोलन की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के सवालों से सीधे जुड़कर संघर्ष करना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर महेश कुशवाहा ने कहा कि मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय समानता दल को मजबूत जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। पार्टी सामाजिक न्याय, आर्थिक प्रजातंत्र और व्यवस्था परिवर्तन के अपने विचारों को लेकर गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस संगठन के पुराने संघर्षों को याद करने के साथ भविष्य की लड़ाई के लिए नए संकल्प का दिन है।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का संघर्ष लंबा है, लेकिन सामाजिक न्याय और आर्थिक प्रजातंत्र के लक्ष्य को लेकर संगठन अपने संघर्ष को और तेज करेगा। स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी समय में व्यापक जनसंपर्क और संगठन विस्तार अभियान चलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया।
Facebook Comments
